*हीरो होंडा चौक, श्याम बाबा चौक, उमंग भारद्वाज चौक और मेदांता रोड सहित अन्य क्षेत्रों में एंटी-स्मॉग गन का संचालन, बस स्टॉप की मशीनों से धुलाई*
*सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों के खिलाफ भी चालान कार्रवाई, स्वच्छ एवं स्वस्थ गुरुग्राम बनाने के लिए निगम की बहुआयामी पहल*

गुरुग्राम, 24 नवंबर। शहर में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने, सड़कों से उड़ने वाली धूल को कम करने और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बेहतर बनाने के लिए नगर निगम गुरुग्राम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। निगम की टीमें विभिन्न प्रमुख सड़कों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई एवं प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कार्यों में जुटी हुई हैं। इसी कड़ी में प्रमुख स्थानों पर एंटी-स्मॉग गन का संचालन, बस स्टॉप की मशीनों से धुलाई और सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान करने वालों के खिलाफ चालान कार्रवाई की जा रही है।
*प्रमुख चौराहों और सड़कों पर एंटी-स्मॉग गन से धूल नियंत्रण*
वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और वातावरण में मौजूद धूल के कणों को कम करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा हीरो होंडा चौक, श्याम बाबा चौक, उमंग भारद्वाज चौक और मेदांता रोड सहित अन्य क्षेत्रों में एंटी-स्मॉग गन लगातार संचालित की जा रही हैं। इन मशीनों के संचालन का उद्देश्य हवा में मौजूद धूल के कणों को नियंत्रित करने में मदद करना और प्रदूषण कम करने के प्रयासों को गति देना है। प्रमुख मार्गों एवं व्यस्त चौराहों पर इस प्रकार की गतिविधियों से वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
*बस स्टॉप व फुटपाथों की विशेष सफाई और मशीनों से धुलाई*

शहर के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नगर निगम की टीम द्वारा बस स्टॉप और फुटपाथों की विशेष सफाई और मशीनों से धुलाई की जा रही है। इस अभियान के तहत सार्वजनिक परिवहन से जुड़े स्थलों की साफ-सफाई एवं बेहतर रखरखाव पर ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यात्रियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। नगर निगम का प्रयास है कि बस स्टॉप सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नियमित सफाई सुनिश्चित हो और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
*सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों के खिलाफ चालान कार्रवाई*
स्वच्छ वातावरण और नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों के खिलाफ भी विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। निगमायुक्त डॉ पंकज के निर्देशानुसार निगम की टीमें नो-स्मोकिंग जोन के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान कार्रवाई कर रही हैं। निगम का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान पर रोक लगाने के नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना और बच्चों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी नागरिकों को तंबाकू के धुएं से होने वाले दुष्प्रभावों से बचाने में योगदान देना है।
*नागरिकों से सहयोग की अपील*
नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त डॉ पंकज की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि वे शहर को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग दें। खुले में कचरा न जलाएं, सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान न करें, कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालें तथा स्वच्छता नियमों का पालन करें। नगर निगम द्वारा सफाई और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े प्रयासों को निरंतर जारी रखा जाएगा।








