
धर्मसागर ने कहा, कुछ उद्यमी पहले ही क्षेत्र छोड़ चुके हैं, हालात नहीं सुधरे तो औरों को भी कारोबार समेटने पर विचार करना पड़ेगा
गुरुग्राम। गुरुग्राम के सबसे पुराने औद्योगिक क्षेत्र इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉलोनी (आईडीसी) में सड़क निर्माण के लिए करीब पांच माह पहले शुरू हुई खुदाई अब कारखानों के कामकाज पर भारी पड़ रही है। आईडीसी के चेयरमैन एवं वरिष्ठ उद्यमी धर्मसागर के मुताबिक, खुदी सड़कों और गहरे गड्ढों के बीच मालवाहक वाहन जाम में फंसते हैं। कच्चा माल देर से पहुंचने पर उत्पादन पिछड़ता है और तैयार माल की आपूर्ति भी समय पर नहीं हो पाती। इसकी कीमत उद्यमियों को आर्थिक नुकसान के रूप में चुकानी पड़ रही है।

धर्मसागर के साथ उद्यमी सुनील दत्ता, विजय टंडन, देवेंद्र जैन, प्रवीण वर्मा और तरुण खन्ना ने भी निर्माण की धीमी रफ्तार पर रोष जताया। उन्होंने बताया कि अधूरी सड़कों से गुजरकर श्रमिकों का समय पर कारखाने पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को कई बार पत्र लिखे गए। उद्यमियों ने उनसे मिलकर भी समस्याएं बताईं, लेकिन आश्वासनों के बाद भी सड़कें अधूरी हैं।
दिन में जाम, रात की पाली में अंधेरे का डर
धर्मसागर ने बताया कि नगर निगम का वाहन नियमित रूप से कूड़ा उठाने नहीं आता, जिससे औद्योगिक क्षेत्र में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं। सड़कों पर लगी अधिकांश बत्तियां भी खराब हैं। शाम ढलते ही श्रमिकों को गड्ढों से भरे रास्ते अंधेरे में पार करने पड़ते हैं। उनके मुताबिक, क्षेत्र में पहले हो चुकी आपराधिक घटनाओं के कारण रात की पाली में आने-जाने वाले श्रमिक अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंतित हैं।
धर्मसागर ने सरकार और प्रशासन से अधूरी सड़कों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने, नियमित कूड़ा उठवाने और खराब बत्तियां ठीक कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के राजस्व और औद्योगिक विकास में योगदान देने वाले इस क्षेत्र से कुछ उद्यमी बदहाल सुविधाओं के कारण पहले ही जा चुके हैं। यदि हालात ऐसे ही रहे तो यहां काम कर रहे दूसरे उद्यमियों को भी अपनी इकाइयां कहीं और ले जाने पर विचार करना पड़ेगा।








