प्रॉपर्टी टैक्स बकायेदारों पर एमसीजी सख्त, टॉप-1000 डिफॉल्टर्स को भेजे जाएंगे रिकवरी नोटिस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*निगमायुक्त डॉ. पंकज ने प्रॉपर्टी टैक्स की मांग, वसूली और बकाया राशि की जोनवार समीक्षा की, नोटिस की तामील के लिए एजेंसी नियुक्त करने के निर्देश*

*एमसीजी कॉल सेंटर के माध्यम से फोन और व्हाट्सएप पर भी होगा बकायेदारों से संपर्क कर भुगतान के लिए फॉलोअप*

*नोटिस जारी होने के बाद डिफॉल्टर प्रॉपर्टीज को सील करने की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश*

गुरुग्राम, 24 नवंबर। नगर निगम गुरुग्राम ने प्रॉपर्टी टैक्स की बकाया राशि की वसूली में तेजी लाने के लिए सख्त रुख अपनाया है। निगमायुक्त डॉ. पंकज ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नगर निगम क्षेत्र के सबसे बड़े 1000 प्रॉपर्टी टैक्स डिफॉल्टर्स की समेकित सूची प्राथमिकता के आधार पर तैयार की जाए और उन्हें रिकवरी नोटिस जारी कर उनकी तामील सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बकाया प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।

निगमायुक्त सेक्टर-34 स्थित नगर निगम कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में प्रॉपर्टी टैक्स की मांग, अब तक हुई वसूली और लंबित बकाया राशि की जोनवार समीक्षा की गई। वसूली की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

*टॉप-1000 बकायेदारों की सूची तैयार कर भेजें रिकवरी नोटिस*

निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि नगर निगम क्षेत्र के सबसे बड़े 1000 प्रॉपर्टी टैक्स बकायेदारों की समेकित सूची तैयार की जाए। इन सभी को रिकवरी नोटिस जारी कर उनकी विधिवत तामील करवाई जाए। नोटिस समय पर पहुंचाने के लिए एक बाहरी एजेंसी नियुक्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं। एजेंसी की नियुक्ति होने तक संबंधित जोन के क्लर्क और यूएलबी मेकर्स स्वयं फील्ड में जाकर नोटिस वितरित करेंगे। इस कार्य के दौरान होने वाले वास्तविक ईंधन खर्च की प्रतिपूर्ति नगर निगम द्वारा की जाएगी, ताकि नोटिस की तामील में कोई अनावश्यक देरी न हो।

*कॉल सेंटर से फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से होगा फॉलोअप*

बकायेदारों से संपर्क और भुगतान के लिए नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि प्रत्येक जोन के टॉप-1000 प्रॉपर्टी टैक्स डिफॉल्टर्स की सूची एमसीजी कॉल सेंटर के साथ साझा की जाए। कॉल सेंटर के माध्यम से संबंधित बकायेदारों को फोन कॉल और व्हाट्सएप संदेश भेजकर बकाया राशि जमा कराने के लिए संपर्क किया जाएगा। इस व्यवस्था से बकायेदारों तक समय पर सूचना पहुंचाने और प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

*नोटिस के बाद सीलिंग कार्रवाई में लाई जाए तेजी*

निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि रिकवरी नोटिस जारी करने और उनकी तामील के बाद बकाया प्रॉपर्टी टैक्स वाले भवनों को सील करने की कार्रवाई में तेजी लाई जाए। यह कार्रवाई संबंधित कानूनी प्रावधानों और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नोटिस की तामील से लेकर वसूली और सीलिंग कार्रवाई तक प्रत्येक स्तर पर प्रभावी निगरानी रखी जाए, ताकि बकाया राशि की वसूली सुनिश्चित हो सके।

*नागरिकों के साथ व्यवहार में शालीनता और जवाबदेही अनिवार्य*

बैठक में निगमायुक्त ने नागरिकों से जुड़े कार्यों को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी क्लर्क और संबंधित कर्मचारी नागरिकों एवं आवेदकों के साथ शालीनता, धैर्य और सम्मानपूर्वक व्यवहार करें। उनकी शिकायतों और आवेदनों पर उचित ध्यान दिया जाए तथा अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्व्यवहार या लापरवाही से संबंधित शिकायत मिलने पर एचकेआरएन के माध्यम से कार्यरत संबंधित कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। वहीं, नियमित कर्मचारियों के विरुद्ध लागू सेवा नियमों के अनुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

*अगली बैठक में प्रस्तुत करनी होगी जोनवार प्रगति रिपोर्ट*

निगमायुक्त ने सभी संयुक्त आयुक्तों और जोनल टैक्सेशन अधिकारियों को अगली समीक्षा बैठक में अपने-अपने जोन की पूरी एवं अद्यतन जानकारी के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए। इसमें प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली, जारी एवं तामील किए गए नोटिस, सीलिंग कार्रवाई और अन्य की गई कार्रवाई का विस्तृत विवरण शामिल होगा।

बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त (मुख्यालय) रविन्द्र यादव, संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रीतपाल सिंह, संयुक्त आयुक्त डॉ जयवीर यादव, संयुक्त आयुक्त रविन्द्र मलिक तथा जोनल टैक्सेशन अधिकारी एवं सभी जोन के संबंधित यूएलबी मेकर्स और क्लर्क उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें