9 दिसंबर को ऊर्जा मंत्री करेंगे बिजली निगमों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*सभी अधिकारी प्रदर्शन मानकों में सुधार लाएं और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें : विक्रम सिंह*

गुरुग्राम, 23 नवंबर 2026। हरियाणा के ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज आगामी 9 दिसंबर 2026 को दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम एवं उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करेंगे। इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक के मद्देनजर प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने दोनों बिजली निगमों के अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र के प्रदर्शन मानकों (परफॉर्मेंस पैरामीटर) में सुधार लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने स्पष्ट किया है कि समीक्षा बैठक में अब केवल दो सप्ताह शेष हैं। ऐसे में सभी अधिकारी उपलब्ध समय का प्रभावी उपयोग करते हुए अपने कार्यों में तेजी लाएं। प्रत्येक अधिकारी अपने क्षेत्र की प्रगति, उपलब्धियों, लंबित मामलों एवं कमियों का आकलन कर उन्हें दूर करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करे। पिछली समीक्षा बैठक में ऊर्जा मंत्री द्वारा दिए गए सभी निर्देशों की शत-प्रतिशत अनुपालना सुनिश्चित की जाए।

*बिजली आपूर्ति एवं रखरखाव को सर्वोच्च प्राथमिकता*

अधिकारियों को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने तथा खराब वितरण ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समयसीमा में बदलने के निर्देश दिए गए हैं। शहरी क्षेत्रों में खराब ट्रांसफार्मर दो घंटे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में चार घंटे के भीतर बदलना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए प्रत्येक सब-डिवीजन में पर्याप्त ट्रांसफार्मर बैंक एवं कार्यशील मोबाइल ट्रॉली उपलब्ध रखी जाएं।

बिजली आपूर्ति से संबंधित दैनिक आंकड़ों को नियमित रूप से अपडेट कर प्रतिदिन सुबह 11 बजे तक ऊर्जा मंत्री कार्यालय को भेजना अनिवार्य किया गया है। इसके अतिरिक्त 11 केवी एवं 33 केवी फीडरों के आसपास पेड़ों की छंटाई का कार्य समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रतिकूल मौसम में बिजली आपूर्ति बाधित न हो।

*ट्रांसफार्मर परिवहन एवं कर्मचारियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान*

खराब ट्रांसफार्मरों को बदलने के लिए पर्याप्त वाहनों एवं मोबाइल ट्रांसफार्मरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। किसानों से खराब ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए परिवहन की व्यवस्था करने की अपेक्षा नहीं की जाएगी। गर्मी एवं धान के सीजन के दौरान आवश्यकता के अनुसार चार से पांच माह के लिए ठेकेदारों एवं वाहनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

साथ ही, सभी तकनीकी कर्मचारियों को निर्धारित सुरक्षा उपकरण एवं सुरक्षा किट उपलब्ध करवाने तथा बिजली लाइनों एवं उपकरणों पर कार्य करते समय सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

*सब-स्टेशनों का अपग्रेडेशन एवं जलभराव से बचाव*

सब-स्टेशनों के अपग्रेडेशन, बाढ़ एवं जलभराव से बचाव से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। जलभराव की स्थिति में वैकल्पिक स्रोतों से बिजली आपूर्ति बहाल रखने तथा भविष्य में किसी भी सब-स्टेशन के जलमग्न होने की आशंका को रोकने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएं। एचवीपीएनएल द्वारा चिह्नित मिसिंग लाइटनिंग अरेस्टर, अर्थिंग एवं जीओ स्विच से संबंधित लंबित कार्य भी प्राथमिकता से पूरे किए जाएं। ओवरलोडेड सब-स्टेशनों की क्षमता बढ़ाने के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाएं।

*आवश्यक सामग्री की उपलब्धता एवं ऑनलाइन निगरानी*

निगम के स्टोर में ट्रांसफार्मर, केबल, कंडक्टर एवं अन्य आवश्यक विद्युत सामग्री का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए गए। सामग्री की मांग, उपलब्ध स्टॉक तथा फील्ड कार्यालयों को जारी की जाने वाली सामग्री की पारदर्शी एवं प्रभावी निगरानी के लिए मैनेजमेंट डैशबोर्ड विकसित करने पर भी जोर दिया गया है, ताकि वरिष्ठ अधिकारी वास्तविक समय में सामग्री की उपलब्धता एवं वितरण की स्थिति का आंकलन कर सकें।

*बिजली चोरी एवं विजिलेंस मामलों का समयबद्ध निपटान*

बिजली चोरी के मामलों में एफआईआर दर्ज करवाने, जांच पूरी करने, चालान न्यायालय में प्रस्तुत करने तथा लंबित मामलों के निपटान की नियमित समीक्षा की जाएगी। एफआईआर दर्ज होने के तीन माह के भीतर संबंधित मामला न्यायालय में प्रस्तुत करने तथा लंबित पुराने मामलों का एक माह के भीतर निपटान करने के निर्देश दिए गए हैं।

विजिलेंस विंग को पहली बार अपराध करने वाले, कंपाउंडिंग करवाने वाले तथा दोबारा अपराध करने वाले उपभोक्ताओं का अलग-अलग प्रबंधन सूचना तंत्र तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि मामलों की प्रभावी निगरानी की जा सके।

*बकाया बिजली बिलों की वसूली में तेजी लाने के निर्देश*

डिफॉल्टर उपभोक्ताओं से बकाया बिजली बिलों की वसूली में तेजी लाने तथा सरकारी विभागों के पास लंबित बिजली बिलों की राशि वसूलने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया है। अधिकारियों को बड़े बकाया मामलों की नियमित निगरानी करने तथा राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए विशेष प्रयास करने होंगे।

*लैंड रेवेन्यू एक्ट के तहत बकाया राशि की वसूली*

स्थायी रूप से बिजली कनेक्शन काटे जा चुके उपभोक्ताओं से बकाया राशि की वसूली के लिए लैंड रेवेन्यू एक्ट के तहत नोटिस जारी करने तथा संबंधित मामलों को तहसीलदारों के माध्यम से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा उपायुक्तों की मासिक बैठकों में भी इस विषय को शामिल करवाने पर जोर दिया गया है।

*पीडीसीओ परिसरों की जांच और अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी*

स्थायी रूप से डिस्कनेक्ट किए गए उपभोक्ताओं के परिसरों की जांच एवं भौतिक सत्यापन के लिए तीन अधिकारियों की कमेटी गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे परिसरों में नए बिजली कनेक्शन जारी करने से संबंधित अनियमितताओं को रोकने, जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही निर्धारित करने तथा नियम-8 के तहत चार्जशीट जारी करने पर विशेष जोर दिया गया है।

यदि ऐसे किसी परिसर में दूसरा बिजली कनेक्शन चालू पाया जाता है, तो उसे तत्काल डिस्कनेक्ट किया जाए। भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं को रोकने के लिए विकसित मोबाइल ऐप से करने तथा इसे नए बिजली कनेक्शन पोर्टल के साथ जोड़ने के निर्देश भी दिए गए।

*पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लक्ष्यों पर विशेष फोकस*

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत रूफटॉप सोलर कनेक्शनों की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। मार्च 2027 तक लगभग 2.20 लाख घरों में सोलर इंस्टॉलेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रतिमाह लगभग 12,500 इंस्टॉलेशन तथा प्रत्येक जोन में प्रतिदिन 100 कनेक्शन स्थापित करने पर जोर दिया गया है।

सभी सरकारी भवनों पर एक वर्ष के भीतर रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित करने तथा हरियाणा को इस योजना के क्रियान्वयन में देश में प्रथम स्थान पर लाने के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए गए हैं। योजना के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष तीन सर्कलों को सम्मानित भी किया जाएगा।

*उपभोक्ता सेवाओं में सुधार निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता*

जनसंपर्क अधिकारी संजय चुघ ने कहा कि ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज की आगामी समीक्षा बैठक बिजली निगमों के कार्यों की प्रगति, कार्यक्षमता एवं जवाबदेही का महत्वपूर्ण मूल्यांकन होगी। उन्होंने कहा कि निगम प्रबंधन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाना, शिकायतों का त्वरित समाधान करना, बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार लाना, राजस्व वसूली बढ़ाना तथा बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाना निगम की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं।

निगम प्रबंधन ने सभी मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं एवं संबंधित फील्ड अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में नियमित निगरानी करने तथा पिछली समीक्षा बैठक में ऊर्जा मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों की शत-प्रतिशत अनुपालना सुनिश्चित करने को कहा है।

आगामी समीक्षा बैठक में केवल प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि प्रत्येक प्रदर्शन मानक में हुए वास्तविक सुधार एवं कार्यों के परिणामों का भी आंकलन किया जाएगा। इसलिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय से लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करें और समीक्षा बैठक से पहले परिणामोन्मुखी प्रगति सुनिश्चित करें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें