आचार्य गौरीशंकर गौतम प्रतिदिन दोपहर तीन से शाम छह बजे तक सुनाएंगे कथा, 23 दिसंबर को हवन और भंडारे के साथ होगा समापन
गुरुग्राम, 24 नवंबर। महिला शक्ति मंच की गुरुग्राम इकाई ने मंगलवार को शीतला माता मंदिर में श्रीराम कथा का पहला निमंत्रण पत्र अर्पित किया। इसके साथ ही मंच ने श्रद्धालुओं को कथा का निमंत्रण देने की शुरुआत की। मंच की अध्यक्ष एवं समाजसेवी संतोष श्रीपाल शर्मा ने बताया कि वार्षिक श्रीराम कथा की शुरुआत मंगलवार, 15 दिसंबर को कलश यात्रा से होगी। इस अवसर पर भंडारे का प्रसाद भी वितरित किया जाएगा।
संतोष श्रीपाल शर्मा ने बताया कि स्वर्ण पदक विजेता कथाव्यास आचार्य गौरीशंकर गौतम प्रतिदिन दोपहर तीन से शाम छह बजे तक भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंग सुनाएंगे। बुधवार, 23 दिसंबर को पूर्णिमा के अवसर पर हवन-यज्ञ होगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारा होगा। कथा के समापन पर कथाव्यास और ब्राह्मणों को दक्षिणा देकर विदा किया जाएगा।
मंच के संरक्षक एवं कथा के मुख्य यजमान श्रीपाल शर्मा ने बताया कि हर वर्ष कथा में हजारों महिलाएं शामिल होती हैं और शहर के अनेक गणमान्य लोग भी कथा सुनने आते हैं। उन्होंने कहा कि शीतला माता को पहला निमंत्रण अर्पित करना मंच की परंपरा है। कथा का उद्देश्य लोगों में अपने धर्म की समझ बढ़ाना और समाज में अच्छे विचारों को प्रोत्साहन देना है।
श्रीपाल शर्मा ने शहरवासियों से आयोजन में तन, मन और धन से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सबके सहयोग से कथा होगी तो हर सहभागी कह सकेगा कि यह आयोजन हम सब मिलकर कर रहे हैं।








