-दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के दूसरे दिन विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में पंचायत राज संस्थाओं के विभिन्न सत्रों का हुआ आयोजन
-ग्राम पंचायतों को विकास की धुरी बनाने और अधिकारों के प्रभावी इस्तेमाल पर विशेषज्ञों ने रखे सुझाव

गुरुग्राम, 24 नवंबर। गुरुग्राम विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के दूसरे दिन मंगलवार को हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में पंचायत राज संस्थाओं से जुड़े तकनीकी सत्रों में ग्रामीण शासन व्यवस्था को मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। इन सत्रों के माध्यम से देश के अलग-अलग राज्यों में पंचायतों के स्तर पर अपनाई जा रही व्यवस्थाओं, अनुभवों और बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा करने के साथ हरियाणा में पंचायत व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के सुझावों पर विचार किया गया।
हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि पंचायतों को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना होगा। उन्होंने पंचायती भूमि का व्यावसायिक उपयोग सुनिश्चित करने और पंचायतों की आमदनी बढ़ाने के लिए नए संसाधन विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समय-समय पर निर्धारित प्रारूप अनुसार ग्राम सभाएं आयोजित करें और संबंधित विभागों के अधिकारी भी आवश्यक रूप से शामिल हों। उन्होंने कहा कि गांवों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए पंचायतों को दूरदर्शी सोच के साथ विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करनी चाहिए। मंत्री ने अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों से आपसी समन्वय, सहभागिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं। इनके आर्थिक रूप से सशक्त होने से गांवों में विकास कार्यों को गति मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य भी साकार होगा।

दिनभर चले सत्रों में इस बात पर विशेष ध्यान दिया गया कि ग्राम पंचायतें अपने क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाएं तैयार करने और उन्हें लागू करने में किस प्रकार अधिक सक्षम बन सकती हैं। पंचायतों के पास उपलब्ध वित्तीय संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल, अपने स्तर पर आय बढ़ाने के विकल्प, सरकारी अनुदान प्राप्त करने की प्रक्रिया और विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त धन जुटाने के तरीकों पर चर्चा हुई। इसके अलावा पंचायतों के अधिकारों और जिम्मेदारियों, ग्रामीणों को मिलने वाली सुविधाओं, सरकारी संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन, डिजिटल रिकॉर्ड, वित्तीय लेखांकन और नियमित ऑडिट के जरिए पारदर्शिता सुनिश्चित करने जैसे विषय भी चर्चा के केंद्र में रहे।
सम्मेलन के पहले सत्र में पंचायतों की आमदनी बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर चर्चा हुई। इसमें विकास एवं पंचायत विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार, जेएनयू के प्रोफेसर शक्ति कुमार, डॉ. परमा चक्रवर्ती, एच.के. अमरनाथ और डॉ. प्रार्थना ने राजस्व के स्रोतों एवं अनुदानों के बेहतर उपयोग पर विचार रखे। दूसरे सत्र में पंचायतों के कामकाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और स्थानीय स्तर पर निर्णय लेने की स्वतंत्रता पर चर्चा हुई। इसमें प्रोफेसर एस.पी. सिंह, प्रोफेसर मीनाकेतन बेहेरा, प्रोफेसर सुरेंद्र कुमार, डॉ. रीनू अनेजा और सीए रोहिणी अग्रवाल ने सुझाव दिए। तीसरे सत्र में दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के वरिष्ठ प्रोफेसर सुरेंद्र कुमार ने पंचायत प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से प्रश्नावली के माध्यम से पंचायतों के कामकाज और सुधार की संभावनाओं पर सुझाव प्राप्त किए।








