स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली में भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा बंद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

12 अगस्त शाम से लागू होगा यातायात प्रतिबंध, आवश्यक सेवाओं और एयरपोर्ट जाने वाले वाहनों को रहेगी छूट

गुरुग्राम, 11 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस उपायुक्त यातायात प्रतीक गहलोत ने मंगलवार को अपने कार्यालय में यातायात पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में स्वतंत्रता दिवस पर यातायात के सुचारु संचालन और दिल्ली सीमा पर भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश प्रतिबंध की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

बैठक में सहायक पुलिस आयुक्त यातायात मुख्यालय एवं हाईवे सत्यपाल यादव, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात पूर्व इंद्रजीत, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात पश्चिम संजय तथा सभी यातायात निरीक्षक उपस्थित रहे। पुलिस उपायुक्त ने अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस की ड्यूटी के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

इन दो अवधियों में लागू रहेगा प्रतिबंध

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर भारी मालवाहक वाहनों का दिल्ली की सीमा में प्रवेश निम्न अवधि में प्रतिबंधित रहेगा—

  • 12 अगस्त शाम 5 बजे से 13 अगस्त दोपहर 1:30 बजे तक
  • 14 अगस्त शाम 5 बजे से 15 अगस्त दोपहर 1:30 बजे तक

इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-48 सहित गुरुग्राम की ओर से दिल्ली जाने वाले सभी मार्गों पर भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।

आवश्यक सेवाओं को रहेगी छूट

दूध, फल, सब्जी और अन्य आवश्यक सामग्री ले जाने वाले वाहनों के साथ एंबुलेंस एवं दमकल वाहनों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। एयरपोर्ट जाने वाले यात्री वाहन भी राष्ट्रीय राजमार्ग-48 से दिल्ली की ओर जा सकेंगे। यात्री एयरपोर्ट पहुंचने के लिए द्वारका एक्सप्रेसवे का भी उपयोग कर सकते हैं।

गुरुग्राम से पलवल, नूंह, फरीदाबाद, झज्जर, रेवाड़ी और राजस्थान की ओर जाने वाले वाहनों पर किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं रहेगा।

यातायात पुलिस ने भारी मालवाहक वाहन चालकों, वाहन मालिकों तथा ट्रक और कैंटर यूनियनों से निर्धारित अवधि में अपने वाहन दिल्ली की ओर नहीं लाने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि प्रतिबंध का पालन करने से यातायात व्यवस्था बनाए रखने और आमजन को असुविधा से बचाने में मदद मिलेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!