खुले में कचरा डालकर सफाई कर्मचारियों का मनोबल न तोड़ें

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुड़गांव को स्वच्छ और हरित बनाने के लिए आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों की नागरिकों से अपील

गुड़गांव। शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन के प्रयासों के साथ नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है। सेक्टर 3, 5 और 6 की आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे खुले में कचरा न फेंकें और ग्रीन बेल्ट को साफ रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

आरडब्ल्यूए के पूर्व प्रधान दिनेश वशिष्ठ ने कहा कि गुड़गांव को स्वच्छ बनाना केवल सफाई कर्मचारियों और अधिकारियों की जिम्मेदारी नहीं है। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बाद कर्मचारियों और सफाई अधिकारियों ने व्यवस्था को पटरी पर लाने के प्रयास किए हैं। नागरिक खुले में कचरा डालने से बचें, तो इन प्रयासों को मजबूती मिलेगी।

आरडब्ल्यूए प्रधान तिलक राज अदलखा ने कहा कि गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर जगह-जगह फेंका गया कचरा उठाने में कर्मचारियों का काफी समय लग जाता है। इससे नियमित सफाई का काम प्रभावित होता है और मेहनत से सफाई करने वाले कर्मचारियों का मनोबल भी कमजोर पड़ता है। उन्होंने लोगों से कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने की अपील की।

मदन गोपाल यादव ने ग्रीन बेल्ट में कचरा न डालने और अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा गुड़गांव आने वाली पीढ़ियों को बेहतर वातावरण देने के लिए भी जरूरी है।

सफाई सुपरवाइजर मंजू कांगड़ा ने कहा कि नागरिक कचरा खुले में फेंकने के बजाय निर्धारित स्थान पर डालें और सफाई कर्मचारियों का सहयोग करें, तो शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!