SIR की प्रारंभिक मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं हो पाए मतदाताओं को नाम जुड़वाने का एक और अवसर : डीसी उत्तम सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जिला निर्वाचन अधिकारी ने चारों विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ के साथ बैठक कर निर्वाचन आयोग के निर्देशों की तत्काल अनुपालना सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

गुरुग्राम, 10 नवंबर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी उत्तम सिंह ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए मतदाताओं के नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल करवाने की प्रक्रिया को लेकर जिला के सभी चार विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों (ईआरओ) के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा जारी संशोधित दिशा-निर्देशों का तत्काल प्रभाव से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा पात्र मतदाताओं को नाम जुड़वाने का अवसर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

इससे पहले मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के उपायुक्तों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण के संशोधित कार्यक्रम को लेकर समीक्षा बैठक की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा ऐसे मतदाताओं को अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने का एक और अवसर प्रदान करने का निर्णय लिया गया है, जिन्हें गणना प्रपत्र जारी किए गए थे, लेकिन अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरे (एएसडीडी) के रूप में चिह्नित होने अथवा गणना प्रपत्र वापस प्राप्त न होने के कारण जिनके नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए थे।

उन्होंने बताया कि गुरुग्राम जिला में 15 जून से 24 जुलाई 2026 तक 15,55,034 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए थे। इनमें से 11,01,955 मतदाताओं ने 24 जुलाई 2026 तक अपने गणना प्रपत्र वापस जमा करवाए। शेष मतदाताओं में 1,36,257 अनुपस्थित, 25,713 अन्य, 60,970 मृतक, 2,03,491 स्थानांतरित तथा 26,648 पहले से दर्ज अथवा दोहरे मतदाताओं के रूप में चिह्नित किए गए थे। 31 जुलाई को प्रकाशित प्रारंभिक मतदाता सूची में 11,01,955 मतदाताओं को शामिल किया गया था। अब आयोग के निर्देशानुसार गणना प्रपत्र जमा न कर पाने वाले पात्र मतदाताओं को भी अंतिम मतदाता सूची में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा।

डीसी ने बताया कि ऐसे सभी मतदाताओं की मतदान केंद्रवार सूची संबंधित मतदान केंद्रों के नोटिस बोर्ड, ईआरओ एवं एईआरओ कार्यालयों तथा शहरी स्थानीय निकायों के कार्यालयों में दोबारा प्रदर्शित की जाएगी। यह सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा की वेबसाइट पर पीडीएफ प्रारूप में भी उपलब्ध होगी, जिसमें नाम शामिल न होने के संभावित कारणों का उल्लेख किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि संबंधित मतदाता अपने वर्तमान सामान्य निवास स्थान से जुड़े ईआरओ, एईआरओ अथवा बीएलओ के पास विधिवत भरा हुआ गणना प्रपत्र जमा करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त मतदाता अपने पुराने ईपीआईसी नंबर के माध्यम से निर्वाचन आयोग की वेबसाइट अथवा ईसीआईनेट ऐप से भी गणना प्रपत्र डाउनलोड कर उसे भर सकते हैं।

डीसी ने कहा कि यदि मतदाता ने अपना निवास स्थान नहीं बदला है, तो वह हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र के साथ निर्धारित घोषणा पत्र (अनुलग्नक-बी) जमा करवा सकता है। इसमें पहले गणना प्रपत्र जमा न कर पाने का कारण भी बताना होगा। मतदाता अपने परिवार के किसी सदस्य के माध्यम से भी यह प्रपत्र जमा करवा सकते हैं।

इसी प्रकार, यदि कोई मतदाता हरियाणा में ही किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो गया है, तो उसे फॉर्म-8 जमा करवाने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे मतदाताओं को नए पते एवं विधानसभा क्षेत्र का विवरण देते हुए गणना प्रपत्र के साथ निर्धारित घोषणा पत्र (अनुलग्नक-सी) और निवास प्रमाण प्रस्तुत करना होगा। नए मतदान केंद्र के बीएलओ से भी सहायता ली जा सकती है। इसके लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट एवं ईसीआईनेट ऐप पर उपलब्ध ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा का उपयोग किया जा सकता है। यदि किसी मतदाता के पास निवास प्रमाण से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं, तो बीएलओ की फील्ड वेरिफिकेशन रिपोर्ट भी पर्याप्त होगी।

उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं ने एसआईआर के दौरान नए पंजीकरण के लिए पहले ही फॉर्म-6 जमा करवा दिया है, उन्हें दोबारा गणना प्रपत्र एवं घोषणा पत्र जमा करवाने की आवश्यकता नहीं होगी। प्राप्त गणना प्रपत्रों एवं संबंधित घोषणाओं का ईआरओ द्वारा निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 21(1) के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सत्यापन एवं निस्तारण किया जाएगा।

डीसी उत्तम सिंह ने जिला के सभी चार विधानसभा क्षेत्रों नामतः 75 पटौदी (अ.जा.), 76 बादशाहपुर, 77 गुड़गांव और 78 सोहना के ईआरओ, एईआरओ एवं बीएलओ को निर्देश दिए कि वे इस प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने के अवसर से वंचित न रहे।

उन्होंने हरियाणा के राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला प्रधानों एवं सचिवों से भी अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के माध्यम से संबंधित मतदाताओं को जागरूक करें तथा उन्हें गणना प्रपत्र भरकर जमा करवाने में सहयोग प्रदान करें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें