जीएमडीए की मुहिम का असर: 90% सड़कें अतिक्रमण मुक्त, अब दोबारा कब्जे रोकने के लिए रोजाना गश्त
मेदांता रोड पर 5 संवेदनशील स्थानों से कब्जे हटाए, 4 जगह लगाई ग्रिल; फुटपाथ और ग्रीन बेल्ट भी किए जा रहे विकसित

गुरुग्राम, 10 नवंबर। गुरुग्राम की प्रमुख और मॉडल सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए जीएमडीए (जीएमडीए ) की मुहिम का असर धरातल पर नज़र आने लगा है। प्राधिकरण का प्रयास है कि एक बार जिन सड़कों के साथ से अतिक्रमण हटाया जा चुका है, उन स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण ना हो । इसके लिए एनफोर्समेंट विंग सक्रिय हो गई है और 8 अक्टूबर से लेकर अब तक प्रमुख आठ सड़कों से करीब 3500 अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए हैं। लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग के चलते इन सड़कों पर करीब 90 प्रतिशत अतिक्रमण हटाकर उन्हें दोबारा कब्जों से मुक्त करवाया गया है। अब जीएमडीए का फोकस केवल अतिक्रमण हटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन स्थानों पर दोबारा कब्जा होने से रोकना भी है, जहां पहले बार-बार रेहड़ी, खोखे और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हो जाते थे।

जीएमडीए के डीटीपी (एनफोर्समेंट) आरएस बाठ ने टीम के साथ इन सड़कों का निरीक्षण किया। इस दौरान असिस्टेंट टाउन प्लानर (एटीपी), जूनियर इंजीनियर (जेई) और पेट्रोलिंग टीमों के कर्मचारी भी मौजूद रहे। टीम ने सेक्टर-30/31, सेक्टर-40/41, सेक्टर-46/47, मेदांता रोड, सेक्टर-51/57, सेक्टर-50/51, सनाथ रोड तथा उद्योग विहार-सेक्टर 32/39 की सड़कों का जायजा लिया।
निरीक्षण में पाया गया कि इन सड़कों पर चिह्नित अतिक्रमणों में से करीब 90 प्रतिशत हटाए जा चुके हैं। हालांकि, सेक्टर-50/51 की सड़क सहित कुछ स्थानों पर दोबारा अस्थायी कब्जे मिले। अधिकारियों को इन स्थानों पर सख्त कार्रवाई करते हुए अगले दो दिनों में अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
अब कब्जे हटाने के साथ दोबारा होने से रोकने पर जोर

जीएमडीए के सीईओ श्री पीसी मीणा ने कहा कि प्राधिकरण की रणनीति अब केवल स्थायी निर्माण हटाने तक सीमित नहीं है। उन अस्थायी अतिक्रमणों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जो कार्रवाई के बाद दोबारा उसी जगह स्थापित हो जाते हैं। इसके लिए 8 अक्टूबर से विशेष पेट्रोलिंग टीमें लगातार प्रमुख सड़कों की निगरानी कर रही हैं, ताकि अतिक्रमण मुक्त कराए गए स्थानों पर फिर से कब्जा न हो।
उन्होंने बताया कि जहां से अतिक्रमण हटाया जा रहा है, वहां दोबारा कब्जे रोकने के लिए सुरक्षा ग्रिल लगाने, फुटपाथ विकसित करने और ग्रीन बेल्ट को व्यवस्थित करने का काम भी साथ-साथ किया जा रहा है।
मेदांता रोड पर अतिक्रमण की दृष्टि से संवेदनशील करीब 5 स्थानों को खाली कराया गया है। इनमें से 4 स्थानों पर सुरक्षा ग्रिल लगाई जा चुकी हैं और आसपास पौधरोपण भी किया गया है, ताकि इन स्थानों को दोबारा अतिक्रमण की चपेट में आने से बचाया जा सके।
डीटीपी (एनफोर्समेंट) आरएस बाठ ने कहा कि सीईओ के मार्गदर्शन में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि एक बार खाली कराई गई सार्वजनिक जगह पर दोबारा कब्जा न हो। पेट्रोलिंग टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और जहां भी नया अतिक्रमण मिलेगा, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी। कई स्थानों पर सड़क किनारे लगने वाली रेहड़ियों को संबंधित विभागों के साथ तालमेल कर दूसरी जगह शिफ्ट भी कराया गया है।
रोजाना 50 कर्मचारी संभाल रहे मोर्चा
श्री बाठ के अनुसार, इस अभियान में रोजाना करीब 50 कर्मचारी और आवश्यक मशीनरी तैनात की जा रही है। एटीपी की निगरानी में पेट्रोलिंग टीमें नियमित रूप से सड़कों का निरीक्षण करती हैं, ताकि किसी भी स्थान पर दोबारा अतिक्रमण होने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
सीईओ पीसी मीणा स्वयं भी अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा कर रहे हैं और एनफोर्समेंट व इंफ्रास्ट्रक्चर टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
इस अभियान को शहरवासियों का भी सकारात्मक समर्थन मिल रहा है। सेक्टर-31 और सेक्टर-40 सहित कई सेक्टरों की आरडब्ल्यूए ने जीएमडीए के सीईओ को पत्र भेजकर एनफोर्समेंट और इंफ्रास्ट्रक्चर टीमों के प्रयासों की सराहना की है। स्थानीय निवासियों ने सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर हुए सुधार को लेकर संतोष जताया है।
जीएमडीए का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि शहर की सड़कों, फुटपाथों और हरित पट्टियों को अतिक्रमण मुक्त रखकर आम नागरिकों के लिए सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित सार्वजनिक स्थान सुनिश्चित करना है।







