मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज के विद्यार्थियों और कर्मचारियों की मांगें जायज : निशित कटारिया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

40 दिनों से जारी धरने को युवा कांग्रेस का समर्थन, वक्फ बोर्ड प्रशासन से बातचीत कर समयबद्ध समाधान की मांग

नूंह। मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज (वक्फ) में लंबित मांगों को लेकर पिछले 40 दिनों से धरना दे रहे विद्यार्थियों और कर्मचारियों के बीच हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया पहुंचे। उन्होंने धरनारत विद्यार्थियों और कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं तथा उनकी प्रमुख मांगों को जायज बताते हुए समर्थन दिया। कटारिया ने हरियाणा वक्फ बोर्ड प्रशासन से तत्काल बातचीत कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।

कटारिया ने कहा कि विद्यार्थियों और कर्मचारियों को अपनी जायज मांगों के लिए इतने लंबे समय तक धरने पर बैठना पड़ना दुर्भाग्यपूर्ण है। शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना और कर्मचारियों को उनके अधिकार एवं सम्मान दिलाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि कॉलेज में पर्याप्त शिक्षकों, बेहतर प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, स्वच्छ पेयजल, छात्रावास और खेल सुविधाओं से जुड़ी मांगें उठ रही हैं। वहीं, कर्मचारियों को वेतन, पदोन्नति, वेतन आयोग के लाभ और अन्य सेवा लाभों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। विद्यार्थियों के भविष्य और कर्मचारियों के सम्मान की अनदेखी नहीं की जा सकती।

प्रशासन तत्काल संवाद शुरू करे : मोबीन खान

युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मोबीन खान ने भी विद्यार्थियों और कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि 40 दिनों से धरने पर बैठे विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुध नहीं लेना प्रशासन की संवेदनहीनता दर्शाता है। कॉलेज की बुनियादी सुविधाओं और कर्मचारियों के सेवा संबंधी मुद्दों का समाधान काफी पहले हो जाना चाहिए था।

मोबीन खान ने कहा कि प्रशासन को तत्काल संवाद शुरू कर जायज मांगें पूरी करनी चाहिए। युवा कांग्रेस इस संघर्ष में विद्यार्थियों और कर्मचारियों के साथ खड़ी है तथा उनके भविष्य और सम्मान से जुड़े मुद्दों को उठाती रहेगी।

निशित कटारिया ने वक्फ बोर्ड प्रशासन से धरनारत विद्यार्थियों और कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ तत्काल बैठक करने की मांग की। उन्होंने कहा, “शिक्षा का अधिकार, कर्मचारियों का सम्मान और युवाओं का भविष्य हमारी प्राथमिकता है। समस्याओं का उचित समाधान होने तक युवा कांग्रेस उनके हक की आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।”

इस अवसर पर मकसूद शिकरावा, शाहीन शम्स, मुकुल देसवाल, करुण तंवर, मुबारिक मलिक, सैफुल्ला खान, हासिम, कैफ खान और इरशाद पहलवान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें