हरियाणा ऑटो चालक संघ की बैठक में उठीं चालकों की समस्याएं; 19 नवंबर को दिल्ली के राष्ट्रीय महाधरने में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान
दत्तोपंत ठेंगड़ी की जयंती पर दी श्रद्धांजलि, केंद्र सरकार को सौंपा जाएगा 11 सूत्रीय मांगपत्र
गुरुग्राम, 10 नवंबर। भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष योगेश शर्मा ने आरोप लगाया कि सात माह बीतने के बावजूद हरियाणा सरकार ने ड्राइवरों के लिए कल्याण बोर्ड लागू नहीं किया है। वहीं, ऑटो चालकों के लिए पिछले सात वर्षों से स्थायी स्टैंड नहीं बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि चालकों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की मांग को लेकर 19 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित राष्ट्रीय महाधरने में हरियाणा से बड़ी संख्या में चालक और कार्यकर्ता भाग लेंगे।
योगेश शर्मा मंगलवार को भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध हरियाणा ऑटो चालक संघ की बैठक को संबोधित कर रहे थे। भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक एवं श्रमिक चिंतक दत्तोपंत ठेंगड़ी की जयंती पर देवीलाल कॉलोनी, सेक्टर-7 के नजदीक आयोजित बैठक की अध्यक्षता कुलदीप यादव ने की। अनिल कुमार ने संचालन किया। कार्यक्रम की शुरुआत ठेंगड़ी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों की मांग
मुख्य वक्ता योगेश शर्मा ने कहा कि निजी परिवहन क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था और आम जनजीवन का महत्वपूर्ण आधार है, लेकिन इसमें कार्यरत चालक आज भी सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। उन्होंने सरकार से इन समस्याओं का संज्ञान लेकर ठोस नीतिगत निर्णय लेने की मांग की।
शर्मा ने बताया कि 19 नवंबर के एक दिवसीय राष्ट्रीय महाधरने में लगभग 22 प्रदेशों से भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ के कार्यकर्ता और प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस दौरान केंद्र सरकार को ड्राइवरों की समस्याओं और अधिकारों से संबंधित 11 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक चालकों को महाधरने से जोड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन चालकों, उनके परिवारों और निजी परिवहन क्षेत्र से जुड़े श्रमिकों के अधिकारों एवं सम्मान की आवाज उठाने का प्रयास है। महाधरने और चालकों की मांगों को लेकर 12 नवंबर को गुरुग्राम में पत्रकार वार्ता भी आयोजित की जाएगी।
ठेंगड़ी के विचारों से प्रेरणा लेकर संगठन मजबूत करने का संकल्प
दत्तोपंत ठेंगड़ी को याद करते हुए शर्मा ने कहा कि उन्होंने भारतीय मजदूर संघ की स्थापना कर श्रमिक आंदोलन को नई वैचारिक दिशा दी और राष्ट्रहित, उद्योगहित तथा मजदूरहित के समन्वय का मार्ग दिखाया। उनके विचारों से प्रेरणा लेकर असंगठित एवं निजी परिवहन क्षेत्र में कार्यरत चालकों और उनके परिवारों के सामाजिक व आर्थिक उत्थान के लिए संगठित प्रयास करने की जरूरत है।
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और राष्ट्रीय महाधरने को सफल बनाने का संकल्प लिया। समापन पर हरियाणा ऑटो चालक संघ की ओर से प्रसाद वितरित किया गया।







