राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस पर डीएलएसए गुरुग्राम ने लिया न्याय को सभी के लिए सुलभ बनाने का संकल्प

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

9 से 16 नवंबर तक जिले में चलाया जाएगा विशेष विधिक जागरूकता अभियान

गुरुग्राम, 10 नवंबर- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), गुरुग्राम द्वारा राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने और समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष विधिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस प्रत्येक वर्ष 9 नवंबर को मनाया जाता है। यह दिवस विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के लागू होने की स्मृति में मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध करवाना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति आर्थिक अथवा अन्य असमर्थता के कारण न्याय से वंचित न रहे।

डीएलएसए गुरुग्राम द्वारा संचालित यह विशेष अभियान 9 नवंबर से 16 नवंबर तक चलेगा। इसके तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को निःशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालतों, मध्यस्थता और वैकल्पिक विवाद समाधान तंत्र के बारे में जानकारी दी जाएगी।

अभियान के दौरान महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, श्रमिकों, बंदियों सहित समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध विधिक सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। नागरिकों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी। इसके लिए राष्ट्रीय विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी बताया जाएगा।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं डीएलएसए के अध्यक्ष नरेंद्र सुरा ने कहा कि न्याय तक समान पहुंच लोकतांत्रिक समाज की महत्वपूर्ण आधारशिला है। विधिक सेवा संस्थाओं का दायित्व है कि वे आम नागरिक और न्याय व्यवस्था के बीच की दूरी को कम करते हुए प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक न्याय एवं कानूनी सहायता पहुंचाएं।

वहीं, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी निशा ने जमीनी स्तर पर विधिक जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कानूनी जानकारी प्रत्येक व्यक्ति को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और सशक्त बनाती है। इससे नागरिक समय पर उचित कानूनी सहायता एवं उपचार प्राप्त करने में सक्षम होते हैं।

डीएलएसए गुरुग्राम समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक न्याय को सुलभ, किफायती एवं समावेशी बनाने के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रहा है। इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को विधिक सेवाओं से जोड़ने और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें