प्रदूषण फैलाने वालों पर एमसीजी की बड़ी कार्रवाई, 17 दिनों में 634 चालान कर लगाया 45.82 लाख रुपये का जुर्माना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पॉलिथीन उपयोग, सार्वजनिक स्थानों पर थूकने, कचरा जलाने और धूल नियंत्रण नियमों के उल्लंघन पर सख्ती

सड़कों को धूल मुक्त बनाने के लिए स्वीपिंग, पानी का छिड़काव और एंटी-स्मॉग गन का उपयोग, जोन-3 में अतिरिक्त आयुक्त अंकिता चौधरी ने किया निरीक्षण

गुरुग्राम, 10 नवंबर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम गुरुग्राम द्वारा व्यापक स्तर पर प्रवर्तन एवं स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। एक ओर जहां निगम की प्रवर्तन टीमें प्रदूषण और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर सड़कों से धूल हटाने, पानी का छिड़काव करने, मैकेनिकल रोड स्वीपिंग और एंटी-स्मॉग गन के माध्यम से प्रदूषण नियंत्रण के प्रयास तेज किए गए हैं।

नगर निगम की 24 अक्टूबर से 10 नवंबर 2026 तक की कार्रवाई रिपोर्ट के अनुसार, 17 दिनों में विभिन्न प्रकार के उल्लंघनों पर कुल 634 चालान जारी किए गए और 45,82,300 रुपये का जुर्माना लगाया गया। यह कार्रवाई शहर में स्वच्छता नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई।

पॉलिथीन और धूल प्रदूषण के मामलों में सबसे अधिक कार्रवाई

नगर निगम की प्रवर्तन टीमों ने प्रतिबंधित पॉलिथीन के उपयोग के मामलों में 177 चालान जारी किए। सार्वजनिक स्थानों पर थूकने के 88 और डस्ट मिटिगेशन नियमों की अवहेलना के 85 मामलों में कार्रवाई की गई। इसके अलावा, कूड़ेदान उपलब्ध नहीं होने पर 80 चालान किए गए। खुले में कचरा जलाने के 54 मामलों में कार्रवाई की गई, जबकि पानी की बर्बादी करने वालों के खिलाफ भी 54 चालान जारी किए गए। निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) वेस्ट के नियमों का उल्लंघन करने पर 22 तथा निर्माण कार्य बंद करने के आदेशों की अवहेलना करने पर 11 चालान किए गए। निगम की कार्रवाई में बिना ढके निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहन, अवैध रूप से कचरा डालने, स्टॉर्म वाटर ड्रेन में अवैध कनेक्शन, खुले में शौच, सेप्टेज संबंधी उल्लंघन और अन्य स्वच्छता नियमों के मामले भी शामिल रहे।

धूल मुक्त सड़कों के लिए मैदान में उतरी टीम एमसीजी

प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ नगर निगम द्वारा सड़कों को धूल मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नियमित रोड स्वीपिंग, प्रमुख सड़कों पर पानी का छिड़काव, सड़क किनारों पर जमा मिट्टी को हटाने और धूल नियंत्रण के अन्य उपायों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शहर में प्रदूषण नियंत्रण के लिए एंटी-स्मॉग गन भी तैनात की गई हैं। इनके माध्यम से धूल कणों को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। निगम की टीमें सड़कों और आसपास के क्षेत्रों की नियमित सफाई कर रही हैं, ताकि धूल के स्रोतों को कम किया जा सके और नागरिकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

अतिरिक्त आयुक्त अंकिता चौधरी ने किया जोन-3 की सड़कों का निरीक्षण

धूल नियंत्रण अभियान की जमीनी स्तर पर निगरानी सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम की अतिरिक्त आयुक्त अंकिता चौधरी ने जोन-3 में डस्ट एक्शन प्लान के तहत चिन्हित सड़कों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर धूल नियंत्रण के उपायों की स्थिति का जायजा लिया और अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की। वहीं, वार्ड नंबर-34 में भी सड़कों एवं आसपास के क्षेत्रों से जमा मिट्टी उठाने का कार्य लगातार जारी है। निगम की सफाई टीमें नियमित रूप से मिट्टी एकत्रित कर उसका उठान कर रही हैं। इसका उद्देश्य सड़क किनारों पर जमा धूल को हटाना और वाहनों की आवाजाही से दोबारा धूल उड़ने की समस्या को कम करना है।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया के निर्देशों पर कार्रवाई और निगरानी तेज

नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया के निर्देशानुसार संबंधित अधिकारियों एवं प्रवर्तन टीमों को प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छता नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रखा गया है। निगम द्वारा धूल फैलाने वाली गतिविधियों, खुले में कचरा जलाने, प्रतिबंधित पॉलिथीन के उपयोग और निर्माण एवं विध्वंस कचरे के अनुचित निस्तारण के मामलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया के अनुसार गुरुग्राम को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम द्वारा प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ निरंतर जमीनी स्तर पर कार्य किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि सड़कों से धूल के स्रोत समाप्त हों, नियमित सफाई हो और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रहे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही सभी नागरिकों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और निर्माण एजेंसियों से अपील है कि वे स्वच्छता एवं प्रदूषण नियंत्रण संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें और इस अभियान में सक्रिय सहयोग दें।

जनभागीदारी से बनेगा स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त गुरुग्राम

नगर निगम गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित पॉलिथीन का उपयोग न करें, सार्वजनिक स्थानों पर न थूकें, खुले में कचरा न जलाएं और निर्माण सामग्री को ढककर रखें। साथ ही, कचरे का उचित निस्तारण करें और अपने आसपास सफाई बनाए रखने में सहयोग दें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें