वार्ड-28 और वार्ड-8 में विकास कार्यों एवं नागरिक समस्याओं का लिया जायजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

निगमायुक्त प्रदीप दहिया और चीफ इंजीनियर विजय ढाका ने वरिष्ठ भाजपा नेता तिलकराज मल्होत्रा, पार्षद धर्मबीर भंगरोला व नरेश कटारिया के साथ किया क्षेत्र का निरीक्षण, स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनीं

गुरुग्राम, 11 अगस्त। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार क्षेत्रीय निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को वार्ड-28 एवं वार्ड-8 की रवि नगर कॉलोनी में नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया तथा चीफ इंजीनियर विजय ढाका ने क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न समस्याओं एवं चल रहे कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया। उनके साथ वरिष्ठ भाजपा नेता तिलकराज मल्होत्रा, निगम पार्षद धर्मबीर भंगरोला व नरेश कटारिया भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दोनों वार्डों में चल रहे विकास कार्यों तथा स्थानीय स्तर पर सामने आ रही समस्याओं की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर संबंधित विषयों की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्यवाही के संबंध में चर्चा की। इस दौरान क्षेत्र में मौजूद स्थानीय नागरिकों एवं प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। निगम अधिकारियों ने नागरिकों की बातों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्र की मूलभूत नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। निगम अधिकारियों ने मौके पर स्थिति को समझते हुए संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने पर जोर दिया। नगर निगम का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय समस्याओं का मौके पर निरीक्षण कर प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

निरीक्षण के दौरान वार्ड-28 के पार्षद धर्मबीर भांगरोला एवं वार्ड-8 के पार्षद नरेश कटारिया ने अपने-अपने वार्ड से संबंधित समस्याओं एवं आवश्यकताओं से निगम अधिकारियों को अवगत कराया। इस मौके पर शिवजी पार्क सुधार कमेटी के प्रधान दिनेश यादव, शांति नगर आरडब्ल्यूए प्रधान महाबीर यादव, हरि ओम यादव, परवीन शर्मा, अमर प्रकाश, बी.एम. कौशिक तथा महावीर यादव सहित अन्य स्थानीय प्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

ग्राउंड पर निरीक्षण से समाधान की प्रक्रिया में आएगी तेजी -निगमायुक्त

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थानीय समस्याओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने से संबंधित कार्यों की प्राथमिकता तय करने और समाधान की प्रक्रिया को गति देने में मदद मिलेगी। नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता देना और मौके पर जाकर उनकी स्थिति की समीक्षा करना निगम की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। क्षेत्रवासियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों की भागीदारी और अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय से वार्डों में विकास एवं नागरिक सुविधाओं को और मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!