
चंडीगढ़, 15 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने आज पांडु पिंडारा, गोहाना, लाठ, मोहाना एवं बड़वासनी रेलवे स्टेशनों का दौरा कर 17 जुलाई को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी 17 जुलाई को जींद से हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह अत्याधुनिक एवं पर्यावरण-अनुकूल ट्रेन पांडु पिंडारा, गोहाना, लाठ, मोहाना एवं बड़वासनी रेलवे स्टेशनों से होते हुए सोनीपत पहुंचेगी।

यह उपलब्धि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम है तथा भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण और हरित ऊर्जा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
दौरे के दौरान सभी रेलवे स्टेशनों पर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने 17 जुलाई को हाइड्रोजन ट्रेन का भव्य एवं हर्षाेल्लास के साथ स्वागत करने का संकल्प व्यक्त किया। पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि क्षेत्र के लिए यह गर्व का विषय है और बड़ी संख्या में नागरिक इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनेंगे।
इस निरीक्षण दौरे में भाजपा जिला अध्यक्ष गोहाना श्री बिजेंद्र मलिक, भाजपा जिला अध्यक्ष जींद श्री तेजेंद्र ढुल, श्री आजाद नहरा, श्री विनोद त्यागी, श्री महेश प्रधान, जिला प्रशासन के अधिकारी, विभिन्न गांवों के सरपंच तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।








