मिलेनियम सिटी सेंटर अंडरपास का निर्माण शुरू होने तक लागू रहेगी मौजूदा व्यवस्था; निर्माण शुरू होने पर बनेगा नया ट्रैफिक प्लान
गलत दिशा में वाहन चलाने पर कटेंगे चालान, जीएमडीए और ट्रैफिक पुलिस लगाएंगे दिशा सूचक बोर्ड व सूचना पट्ट
गुरुग्राम, 5 नवंबर। गुरुग्राम की व्यापार केंद्र और गलेरिया रोड पर यातायात व्यवस्था को लेकर जिला समन्वय समिति की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। दोनों सड़कों पर पहले से लागू वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था फिलहाल यथावत जारी रहेगी। मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास प्रस्तावित अंडरपास का निर्माण कार्य शुरू होने तक वाहनों की आवाजाही इसी व्यवस्था के तहत होगी।
बैठक में जीएमडीए और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों के बीच विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया। जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी.सी. मीणा ने समिति को अवगत कराया कि मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास अंडरपास का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाना प्रस्तावित है। निर्माण के दौरान कुछ मार्गों पर यातायात डायवर्ट करने और सड़कों को बंद करने की आवश्यकता पड़ सकती है।
इस पर प्रधान सलाहकार (शहरी विकास) श्री डी.एस. ढेसी ने निर्देश दिए कि अंडरपास का निर्माण शुरू होने तक व्यापार केंद्र और गलेरिया रोड पर मौजूदा वन-वे व्यवस्था जारी रखी जाए। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद जीएमडीए और ट्रैफिक पुलिस संयुक्त रूप से नई यातायात संचालन योजना तैयार करेंगे, ताकि निर्माण के दौरान भी वाहनों की आवाजाही सुचारू बनी रहे और आमजन को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मौजूदा व्यवस्था का उल्लंघन करने, विशेषकर वन-वे सड़क पर गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जीएमडीए और ट्रैफिक पुलिस को दोनों सड़कों पर पर्याप्त दिशा-सूचक बोर्ड लगाने तथा सार्वजनिक सूचना पट्ट प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए, ताकि वाहन चालकों को यातायात नियमों और निर्धारित दिशा के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सके।







