बाजारों, शॉपिंग मॉल, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर रहेगी पुलिस की विशेष निगरानी।
ग्रीन पटाखों की बिक्री एवं इस्तेमाल निर्धारित नियमों के अनुसार होगा, अवैध व प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री और उपयोग पर होगी सख्त कार्यवाही।

गुरुग्राम: 05 नवंबर 2026 – दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए गुरुग्राम पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। पुलिस आयुक्त के निर्देशानुसार सभी पुलिस उपायुक्तों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
▪️4 हजार से अधिक पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था, विशेष दिशा-निर्देश देकर की गई तैनाती: दीपावली के इस पावन पर्व को सौहार्द, प्रेम , शांति तथा कानून के दायरे में रहकर मनाने के उद्देश्य से तथा किसी भी प्रकार की परिस्थिति पर काबू पाने के लिए गुरुग्राम पुलिस द्वारा नियमित पुलिस बल सहित अतिरिक्त पुलिस बल को विशेष निर्देश/आदेश देकर नियमित व चिन्हित स्थानों पर तैनात किया गया है।
▪️ पटाखे जलाने का निर्धारित समय: जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार दिनांक 07 एवं 08 नवंबर 2026 को केवल ग्रीन पटाखे निर्धारित समय प्रातः 06:00 बजे से 07:00 बजे तक तथा रात्रि 08:00 बजे से 10:00 बजे तक ही जलाए जा सकेंगे। पटाखों की बिक्री केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही की जा सकेगी।

▪️अवैध पटाखों पर रहेगी विशेष निगरानी: पटाखों की बिक्री के निर्धारित स्थानों पर विशेष पुलिस पेट्रोलिंग टीमें तैनात रहेंगी। पुलिस द्वारा पटाखों की दुकानों पर लाइसेंस, ग्रीन पटाखों की सील पैकिंग एवं QR कोड की जांच की जाएगी। बेरियम युक्त एवं प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री तथा उपयोग पर रोक रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जाएगी।
▪️नो-क्रैकर जोन में पटाखे जलाने पर प्रतिबंध: अस्पतालों, नर्सिंग होम, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, वृद्धाश्रमों एवं शैक्षणिक संस्थानों के 300 मीटर के दायरे में पटाखे जलाने पर प्रतिबंध रहेगा। इन स्थानों के आसपास विशेष पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है।
▪️बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी: दीपावली के अवसर पर सदर बाजार, शॉपिंग मॉल, सिनेमा हॉल एवं अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस निगरानी रखी जाएगी। पुलिस की टीमें पैदल गश्त, मोटरसाइकिल एवं पीसीआर के माध्यम से लगातार पेट्रोलिंग करेंगी। महिलाओं के साथ छेड़छाड़, चेन स्नैचिंग, जेबतराशी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष निगरानी की जाएगी तथा सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

▪️रेलवे स्टेशन एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा: रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, धार्मिक स्थलों, अस्पतालों, बिजली संयंत्रों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की जाएगी। इसके अतिरिक्त होटल, गेस्ट हाउस, पीजी, धर्मशाला, पब एवं बार आदि स्थानों पर भी सुरक्षा की दृष्टि से विशेष चेकिंग की जाएगी।
▪️असामाजिक गतिविधियों पर रहेगी नजर: पुलिस द्वारा जुआ एवं सट्टा खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। विस्फोटक पदार्थों एवं पटाखों के गोदामों की भी जांच की जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों, असामाजिक तत्वों एवं अफवाह फैलाने वालों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
▪️यातायात व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध: दीपावली के दौरान बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस की विशेष ड्यूटियां लगाई गई हैं। पार्किंग स्थलों पर भी निगरानी रखी जाएगी ताकि वाहन चोरी की घटनाओं को रोका जा सके। बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
▪️पुलिस उपायुक्त करेंगे सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी: सभी पुलिस उपायुक्त अपने-अपने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे तथा थाना प्रभारी एवं चौकी इंचार्ज नियमित रूप से पुलिस ड्यूटियों की जांच करेंगे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और कानून एवं शांति व्यवस्था बनी रहे।
▪️गुरुग्राम पुलिस की अपील: गुरुग्राम पुलिस आमजन से अपील करती है कि दीपावली का त्योहार सुरक्षित एवं जिम्मेदारी के साथ मनाएं, निर्धारित समय पर केवल ग्रीन पटाखों का ही इस्तेमाल करें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।








