समाधान शिविर में नागरिकों की 7 शिकायतें सुनीं, अधिकांश का मौके पर समाधान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एसडीएम हितेंद्र कुमार ने अधिकारियों को लंबित शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश

गुरुग्राम, 5 नवंबर- आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए जिला एवं उपमंडल स्तर पर आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों में नागरिकों की शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जा रही है। वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम हितेंद्र कुमार ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 7 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया गया।

एसडीएम हितेंद्र कुमार ने कहा कि समाधान शिविर नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए एक प्रभावी माध्यम हैं। इन शिविरों के जरिए आमजन को अपनी शिकायतें सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने और उनका समाधान प्राप्त करने की सुविधा मिल रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उनका निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों और उन पर की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा करते हैं।

शिविर में बिजली, पानी, परिवार पहचान पत्र, बुढ़ापा पेंशन सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं रखी गईं। एसडीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को लंबित शिकायतों का शीघ्र समाधान करने तथा शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

एसडीएम ने बताया कि जिला एवं उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर नागरिकों की शिकायतें सुनते हैं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करते हैं। उन्होंने आमजन से समाधान शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मेडिकल ऑफिसर प्रियंका, डिप्टी डीईओ दीप्ति बोकन, गीता आर्या, एटीपी कुलदीप, एएफएसओ सुनील कुमार, बीएओ रामपाल, इन्वेस्टिगेटर अशोक कुमार, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें