4.66 लाख पौधारोपण अभियान का शुभारंभ, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल गुरुग्राम बनाने की दिशा में एमसीजी का बड़ा कदम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मेयर राज रानी मल्होत्रा व विधायक मुकेश शर्मा ने किया अभियान का शुभारंभ, सभी 36 वार्डों में लगाए जाएंगे 4.66 लाख पौधे

गुरुग्राम, 15 जुलाई। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के महत्वाकांक्षी 4.66 लाख पौधारोपण अभियान का शुभारंभ बुधवार को सेक्टर-14 स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क के सामने ग्रीन बेल्ट में पौधारोपण कर किया गया। अभियान का शुभारंभ गुरुग्राम की मेयर राज रानी मल्होत्रा व गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा ने पौधा लगाकर किया।

इस अवसर पर अतिरिक्त निगम आयुक्त रविंद्र यादव, संयुक्त आयुक्त रविंद्र मलिक, पार्षद अनुप सिंह, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, आरडब्लूए व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित गुरुग्राम का संदेश दिया।

सभी 36 वार्डों में लगाए जाएंगे 4.66 लाख पौधे

नगर निगम गुरुग्राम ने इस वर्ष शहर के सभी 36 वार्डों में 4.66 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभियान के तहत 4 लाख झाड़ीनुमा तथा 66,400 छायादार एवं अन्य वृक्ष लगाए जाएंगे। नगर निगम का उद्देश्य मानसून के अनुकूल मौसम का अधिकतम लाभ उठाते हुए सितंबर माह के अंत तक पौधारोपण अभियान को पूरा करना है, ताकि पौधों की बेहतर वृद्धि एवं उच्च सर्वाइवल रेट सुनिश्चित की जा सके।

शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर होगा पौधारोपण

अभियान के तहत शहर के पार्कों, ग्रीन बेल्टों, सड़क किनारों, सामुदायिक केंद्रों, शमशान घाटों, गौशालाओं तथा नगर निगम की उपलब्ध खाली भूमि पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा।
मुख्य कार्यक्रम के साथ-साथ बुधवार को नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में भी स्थानीय पार्षदों, आरडब्लूए व नागरिकों के सहयोग से पौधारोपण अभियान चलाया गया। आगामी दिनों में यह अभियान चरणबद्ध तरीके से सभी वार्डों में जारी रहेगा।

जनभागीदारी से बनेगा हरित गुरुग्राम

नगर निगम गुरुग्राम इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों, आरडब्ल्यूए, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेगा। अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण एवं रखरखाव को भी प्राथमिकता देना है, ताकि शहर में हरित क्षेत्र का स्थायी विस्तार हो सके।

पर्यावरण संरक्षण और बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

4.66 लाख पौधारोपण अभियान के माध्यम से नगर निगम गुरुग्राम का लक्ष्य शहर की हरित क्षमता बढ़ाना, वायु गुणवत्ता में सुधार लाना, जैव विविधता को संरक्षण देना तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से मुकाबला करने में योगदान देना है। यह अभियान गुरुग्राम को अधिक हरित, स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

इस मौके पर मेयर राज रानी मल्होत्रा ने कहा कि एक पौधा केवल एक पेड़ नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, बेहतर पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। नगर निगम का लक्ष्य केवल पौधारोपण करना नहीं, बल्कि प्रत्येक पौधे का संरक्षण सुनिश्चित करना भी है। सभी नागरिकों से अपील है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और कम से कम एक पौधा अवश्य लगाकर उसकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाएं।

विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि हरित गुरुग्राम का सपना तभी साकार होगा, जब सरकार और समाज मिलकर कार्य करेंगे। नगर निगम का 4.66 लाख पौधारोपण अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल है। सभी नागरिक, शिक्षण संस्थान, सामाजिक संगठन और युवा इस अभियान का हिस्सा बनें तथा पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लें। उन्होंने इस स्थान का नाम नेताजी सुभाष बोस वन रखने का सुझाव दिया। साथ ही शीतला माता मंदिर के पास पौधारोपण करके उसका नाम माता शीतला वन रखने की बात कही।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!