हम फिर से सुंदरकांड पाठ करने आ जाएंगे, भाजपा जिलाध्यक्ष दिन व समय तय करें: पंकज डावर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

-बोले, इतने उदार थे तो धारा 163 लगवाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का रास्ता रोकने का प्रयास क्यों किया

गुडग़ांव। कांगे्रस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि भाजपा कार्यालय में सुंदरकांड पाठ करने से रोकने के लिए धारा 163 लगवाकर रास्ता रोकने वाली भाजपा को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और धार्मिक आस्थाओं के सम्मान की बात शोभा नहीं देती। उन्होंने कहा कि भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदरकांड पाठ के लिए अगर खुले मन से स्वागत करना चाहते हैं तो वे दिन और समय तय कर दें। कांग्रेस कार्यकर्ता फिर से सुंदरकांड पाठ करने भाजपा कार्यालय पहुंच जाएंगें।

कांगे्रस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि केवल मीडिया में बयानबाजी से किसी की श्रद्धा और आस्था नहीं हो सकती। सुंदरकांड का पाठ करने से रोकने के लिए जो कार्य भाजपा के इशारे पर पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ जो बर्बरता की, वह भाजपा के लिए शर्मनाक है। गुडग़ांव ही नहीं पूरे देश में भाजपा की इस कार्यशैली को मीडिया, सोशल मीडिया के माध्यम से देखा गया। हर मंच से भाजपा को लोगों ने तानाशाही करार दिया है। पंकज डावर ने कहा कि भाजपा जिला अध्यक्ष कह रहे हैं कि भाजपा जिला कार्यालय गुरु कमल में सुंदरकांड का पाठ करना चाहते हैं तो भारतीय जनता पार्टी खुले मन से स्वागत करेगी तो इस बात पर कायम भी रहना चाहिए था। राजनीतिक स्टंट और प्रचार की बात पर पंकज डावर ने कहा कि कांगे्रस का हर नेता, हर कार्यकर्ता वहां पर ना तो अपनी पार्टी के पटके पहनकर गया था और ना ही झंडे लेकर। हर कार्यकर्ता के हाथ में धार्मिक पुस्तक सुंदरकांड थी और हाथों व गले में धार्मिक पट्टियां थीं। फिर यह राजनीतिक स्टंट और प्रचार कैसे हो गया।

उन्होंने कहा कि भाजपा हर किसी को अपनी तरह मानती है। जैसे वे हर जगह पर राजनीति करने पहुंच जाते हैं, वैसे ही दूसरों को समझते हैं। इस बात को देश की जनता जान चुकी है कि राम मंदिर में चंदा चोरी हुई है, लेकिन भाजपा मानने को तैयार नहीं है। चोर पकड़े भी जा रहे हैं, फिर भी बड़ चोरों को बचाने का काम भाजपा और आरएसएस कर रहा है। पंकज डावर ने दोहराया कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और धार्मिक आस्थाओं का सम्मान भाजपा के किसी नेता, कार्यकर्ता के मुंह से शोभा नहीं देता। भाजपा की चाल, चरित्र और चेहरा देश की जनता पहचान चुकी है। भारतीय जनता पार्टी सेवा, संगठन, संस्कार और लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार कर चुकी है। हर कार्यक्रम को राजनीतिक लाभ के लिए भाजपा करती है और कहती यह है कि वह धार्मिक आयोजनों को कभी राजनीतिक लाभ का माध्यम नहीं बनाती। भाजपा की नौटंकी और कई तरह के चेहरे देश में उजागर हो चुके हैं। सोशल मीडिया पर जो एजेंडे भाजपा चलाती रही है, अब उसकी पोल खुल रही है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!