*स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण का संकल्प है: डा. अर्चना गुप्ता*
*प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में पूरे प्रदेश में चल रहा है ‘‘स्वच्छता ही स्वागत’’ अभियान*
*भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने स्वच्छता ही स्वागत अभियान के तहत पानीपत में सफाई अभियान में हिस्सा लिया*
*हाइड्रोजन ट्रेन आधुनिक भारत की नई पहचान बनेगी: डा. अर्चना गुप्ता*

चंडीगढ़/पानीपत, 14 जुलाई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने पानीपत के ग्रीन पार्क स्थित मित्तल मेगा मॉल के सामने ‘‘स्वच्छता ही स्वागत’’ अभियान के अंतर्गत स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों से अपने शहर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का ऐसा संस्कार है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, महापौर कोमल सैनी, पार्षद अशोक कटारिया, पार्षद अमित नारंग, पार्षद नवल जिंदल, मंडल अध्यक्ष जगबीर आर्य, मंडल अध्यक्ष ईश कुमार राणा, मंडल अध्यक्ष गुरूदेव कुमार, सरदार अमरजीत सिंह कोहली सहित कार्यकर्ता और अन्य लोग मौजूद रहे।
डा. अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2014 को लाल किले की प्राचीर से स्वच्छता और शौचालय जैसे विषयों पर बात की, तब कांग्रेस और उसके कई नेताओं ने इसका उपहास उड़ाया था। कांग्रेस के लोगों ने कहा था कि लाल किले जैसे ऐतिहासिक मंच से शौचालय की बात करना प्रधानमंत्री के पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने आलोचनाओं की परवाह किए बिना स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया। स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से देशभर में करोड़ों शौचालयों का निर्माण हुआ, खुले में शौच की समस्या को कम करने की दिशा में बड़े कदम उठाए गए और स्वच्छता को जनभागीदारी का अभियान बनाया गया।
आज स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी का विषय बन चुकी है। गांवों से लेकर शहरों तक स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है और भारत ने इस क्षेत्र में व्यापक बदलाव का अनुभव किया है।
डाक्टर अर्चना गुप्ता ने कहा कि यह उदाहरण बताता है कि दूरदर्शी नेतृत्व कई बार ऐसे विषय उठाता है जिनका प्रारंभ में मज़ाक उड़ाया जाता है, लेकिन समय के साथ वही पहल देश के लिए महत्वपूर्ण परिवर्तन का आधार बन जाती है।

प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वच्छ भारत अभियान ने जनआंदोलन का रूप लिया है। उसी भावना को आगे बढ़ाते हुए हरियाणा में प्रधानमंत्री के जींद आगमन के स्वागत के लिए स्वच्छता ही स्वागत अभियान चलाया जा रहा है और यह अभियान 19 जुलाई तक पूरे प्रदेश में जारी रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे प्रत्येक बूथ, वार्ड और गांव तक स्वच्छता ही स्वागत अभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ें।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि हमारा एक छोटा-सा प्रयास विकसित भारत की दिशा में बड़ा कदम बन सकता है। स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण का संकल्प है। जनभागीदारी से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। उन्होने कहा कि यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि विकसित हरियाणा और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक यदि अपने आसपास की स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाए तो प्रदेश और देश की तस्वीर बदल सकती
प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि 17 जुलाई को जींद में आयोजित होने वाला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम हरियाणा के विकास की दृष्टि से ऐतिहासिक होगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे, जो जींद से सोनीपत के लिए रवाना होगी। उन्होंने कहा कि यह केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण होगा। स्वच्छ ऊर्जा आधारित यह पहल विकसित भारत के संकल्प को नई गति देगी और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी मील का पत्थर साबित होगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का हरियाणा से विशेष आत्मीय जुड़ाव रहा है। जब भी प्रधानमंत्री हरियाणा आते हैं प्रदेश को विकास की नई सौगातें देकर जाते हैं। इस बार भी हरियाणा को आधुनिक परिवहन, हरित ऊर्जा और विकास के नए आयाम मिलने जा रहे हैं। हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ देश के रेलवे इतिहास में नई तकनीक और स्वच्छ ऊर्जा के युग की शुरुआत का प्रतीक बनेगा।
प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री की जींद रैली इको-फ्रेंडली होगी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण को विशेष महत्व दिया गया है। रैली में लोग इलेक्ट्रिक वाहनों, सीएनजी बसों, ई-स्कूटी, ई-रिक्शा तथा अन्य पर्यावरण अनुकूल साधनों से जींद पहुंचेंगे।
डा. अर्चना गुप्ता ने लोगों से 17 जुलाई को जींद पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऐतिहासिक स्वागत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक जनसभा नहीं, बल्कि हरियाणा के विकास, स्वच्छ ऊर्जा, आधुनिक परिवहन और विकसित भारत के संकल्प का उत्सव होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता की व्यापक भागीदारी से यह अभियान और प्रधानमंत्री का जींद कार्यक्रम दोनों ऐतिहासिक बनेंगे तथा हरियाणा विकास के नए अध्याय की ओर मजबूती से आगे बढ़ेगा।
डा अर्चना गुप्ता ने कहा कि 17 जुलाई का दिन हरियाणा के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच चलेगी और स्वच्छ ऊर्जा आधारित आधुनिक भारत की नई पहचान बनेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना विकसित भारत के विजन और हरित ऊर्जा के प्रति प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच का प्रतीक है।








