समझौता लागू कराओ, संगठन मजबूत बनाओ : जिला स्तरीय रैली में कर्मचारियों ने सरकार को दी हड़ताल की चेतावनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

5 अगस्त तक आदेश जारी नहीं हुए तो 6 अगस्त से तीन दिवसीय महा-हड़ताल पर जाएंगे 50 हजार कर्मचारी

गुरुग्राम, 14 जुलाई (अशोक)। प्रदेश के नगर निगम, नगर पालिका, नगर परिषद और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। सरकार द्वारा किए गए समझौतों को लागू न किए जाने के विरोध में सुखराली स्थित सामुदायिक भवन में नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के बैनर तले “समझौता लागू करवाओ, संगठन मजबूत बनाओ” जिला स्तरीय रैली का आयोजन किया गया। रैली की अध्यक्षता संघ के राज्याध्यक्ष बसंत कुमार ने की।

नगरपालिका कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 5 अगस्त तक कर्मचारियों की मानी गई मांगों के संबंध में आधिकारिक आदेश जारी नहीं किए गए तो प्रदेश के 50 हजार से अधिक कर्मचारी 6 अगस्त से तीन दिवसीय महा-हड़ताल पर चले जाएंगे।

उन्होंने बताया कि 13 मई को सरकार, नगरपालिका कर्मचारी संघ और हरियाणा अग्निशमन कर्मचारी यूनियन के बीच उच्चस्तरीय द्विपक्षीय वार्ता हुई थी। बैठक में सरकार ने गुरुग्राम सहित प्रदेशभर के छंटनीग्रस्त कर्मचारियों को पुनः ड्यूटी पर लेने, उन्हें नियमित करने तथा कर्मचारियों की 17 प्रमुख मांगों पर सहमति व्यक्त करते हुए 30 जुलाई तक विभागीय आदेश जारी करने का आश्वासन दिया था।

कर्मचारी संगठनों की प्रमुख मांगों में छंटनीग्रस्त कर्मचारियों की तत्काल बहाली, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण, ठेका प्रथा की समाप्ति, न्यूनतम वेतन एवं अन्य सुविधाओं का लागू किया जाना, रिक्त पदों पर नियमित भर्ती, सफाई कर्मचारियों को तृतीय श्रेणी पदों पर पदोन्नति, सुरक्षा कवच योजना लागू करना तथा ग्रेच्युटी नियमों को सरल बनाकर कच्चे कर्मचारियों को भी इसका लाभ देना शामिल है।

संघ के महासचिव मांगेराम तिगरा तथा हरियाणा अग्निशमन कर्मचारी यूनियन के राज्य प्रधान राजेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार के नकारात्मक रवैये के विरोध में प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जा रहा है। इसी क्रम में 7 जुलाई से 22 जुलाई तक प्रदेश के सभी 22 जिलों में जिला स्तरीय रैलियों का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस राज्यव्यापी अभियान के तहत आयोजित होने वाली फरीदाबाद की जिला स्तरीय रैली आंदोलन की महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी।

रैली को महेंद्र सिंह संगेलिया, सुनील चंडालिया, गुलशन भारद्वाज तथा साहुन खान ने भी संबोधित किया और कर्मचारियों से आंदोलन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!