राहुल गांधी के मार्गदर्शन में हरियाणा कांग्रेस को मिलेगी नई मजबूती, प्रभारी संजय दत्त ने की मुलाकात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने पर हुई चर्चा

चंडीगढ़/नई दिल्ली, 14 जुलाई। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त ने मंगलवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात और संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान हरियाणा कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने, कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद बनाए रखने तथा जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता के बीच उठाने की रणनीति पर विशेष विचार-विमर्श किया गया।

मुलाकात के बाद संजय दत्त ने बताया कि राहुल गांधी ने हरियाणा की राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य एक मजबूत, सक्रिय और जनसरोकारों से जुड़ा संगठन तैयार करना है। इसके लिए प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ निरंतर संवाद और संगठन विस्तार का अभियान जारी रहेगा।

संजय दत्त ने कहा कि हाल ही में उन्होंने चंडीगढ़ स्थित हरियाणा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कई दिनों तक पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, विभिन्न प्रकोष्ठों, फ्रंटल संगठनों के प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत बैठकें की थीं। इन बैठकों में संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने तथा जनता के मुद्दों पर प्रभावी संघर्ष के लिए सभी को प्रेरित किया गया।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राहुल गांधी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हरियाणा कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत, गतिशील और जनोन्मुखी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश के प्रत्येक कार्यकर्ता को साथ लेकर संगठन विस्तार और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को नई गति देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!