महेश जोशी के नेतृत्व में कला कीर्ति भवन में चला स्वच्छता अभियान
मुख्यमंत्री के ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान के तहत हरियाणा कला परिषद की विशेष पहल, कर्मचारियों ने लिया स्वच्छ परिसर का संकल्प
कुरुक्षेत्र, 14 जुलाई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा पंचकूला से प्रारंभ किए गए ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान के अंतर्गत हरियाणा कला परिषद ने भी एक अनुकरणीय पहल करते हुए कुरुक्षेत्र स्थित कला कीर्ति भवन परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष महेश जोशी के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अभियान की विशेष बात यह रही कि उपाध्यक्ष महेश जोशी ने स्वयं झाड़ू उठाकर श्रमदान किया और कर्मचारियों के साथ मिलकर कला कीर्ति भवन परिसर के कोने-कोने की सफाई की। उनके इस कदम से कर्मचारियों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर महेश जोशी ने कर्मचारियों को स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत’ के सपने और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ‘स्वच्छ हरियाणा, स्वस्थ हरियाणा’ के संकल्प को साकार करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि कला कीर्ति भवन संस्कृति और कला का महत्वपूर्ण केंद्र है और ऐसे पावन स्थल का स्वच्छ एवं सुंदर होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल एक दिन की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि कर्मचारियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता का स्थायी संस्कार विकसित करना भी है।
अभियान के दौरान कला कीर्ति भवन के मुख्य परिसर, कार्यालय कक्षों तथा गलियारों की गहन सफाई की गई। साथ ही पुराने और अनुपयोगी सामान तथा फाइलों को व्यवस्थित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारियों ने अपने कार्यस्थल और आसपास के वातावरण को स्वच्छ, प्लास्टिक-मुक्त और सुंदर बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर हरियाणा कला परिषद के कार्यालय प्रभारी धर्मपाल गुगलानी, ललित कला समन्वयक सीमा काम्बोज, विकास शर्मा, आकाश, देवीदत्त, राजेश कुमार, सपना सहित परिषद के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।









