कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर बनेगा विश्वस्तरीय सिख संग्रहालय।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को करेंगे सिख म्यूजियम का शिलान्यास।
लाडवा,प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 14 जुलाई : हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर पहली पातशाही गुरु नानक देव जी से लेकर दशमी पातशाही गुरु गोबिंद सिंह जी के इतिहास और पवित्र वाणी को लेकर भव्य और शानदार सिख संग्रहालय बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को सिख म्यूजियम का शिलान्यास करेंगे।
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी मंगलवार को अनाज मंडी लाडवा के नजदीक स्थित गुरुद्वारा में बोल रही थी। उन्होंने गुरुद्वारा में सुखमनी साहिब पाठ में हिस्सा लेते हुए लाडवा सहित प्रदेश की सुख समृद्धि और शांति की अरदास की। इसके साथ ही चोर साहिब सेवा भी की। गुरुद्वारा कमेटी की तरफ से उपाध्यक्षा सुमन सैनी को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया। उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने सिख म्यूजियम के शिलान्यास समारोह में शामिल होने का न्योता दिया।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र केवल महाभारत और गीता की भूमि ही नहीं है, बल्कि यह सिख पंथ के लिए भी अत्यंत पवित्र स्थान है। यहां गुरुओं ने पधारकर मानवता को सेवा, त्याग और भाईचारे का संदेश दिया है। इसी भावना को जीवंत रखने के लिए राज्य सरकार और केंद्र सरकार के सहयोग से कुरुक्षेत्र में विश्वस्तरीय सिख संग्रहालय बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संग्रहालय में गुरु ग्रंथ साहिब जी की पवित्र वाणी, सिख इतिहास के दुर्लभ चित्र, शस्त्र, पांडुलिपियां और ऐतिहासिक दस्तावेज भी रखे जाएंगे। इसके साथ ही लाइब्रेरी, रिसर्च सेंटर, ऑडिटोरियम और बच्चों के लिए इंटरेक्टिव गैलरी भी बनाई जाएगी ताकि युवा पीढ़ी सिख गुरुओं के जीवन से प्रेरणा ले सके।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि यह सिख म्यूजियम केवल एक इमारत नहीं होगी, बल्कि यह हमारी आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। जब कोई श्रद्धालु या पर्यटक यहां आएगा तो उसे सिख धर्म की महान परंपराओं और गुरुओं के बलिदान का साक्षात अनुभव होगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी, चेयरपर्सन साक्षी खुराना, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र दबखेडा, मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह, परमजीत कश्यप, पूनम सैनी, मोनिका बंसल, देवेंद्र गोल्डी, नायब सिंह, गुरदीप सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।









