टावर ऑफ जस्टिस के लोकार्पण को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सुरा व डीसी उत्तम सिंह ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

12 जुलाई को भारत के मुख्य न्यायाधीश के करकमलों से होगा गुरुग्राम के अत्याधुनिक टावर ऑफ जस्टिस का लोकार्पण

समारोह की प्रत्येक व्यवस्था समयबद्ध, सुरक्षित एवं प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

गुरुग्राम, 07 जुलाई। गुरुग्राम के अत्याधुनिक टावर ऑफ जस्टिस के आगामी 12 जुलाई को होने वाले भव्य लोकार्पण समारोह की तैयारियों को लेकर जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सुरा तथा डीसी उत्तम सिंह ने आज आयोजन स्थल पर न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।

बैठक के दौरान समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बैठक व्यवस्था, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सहायता तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों का भी जायजा लिया।

बैठक में जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सुरा ने कहा कि 12 जुलाई का यह समारोह गुरुग्राम की न्यायिक व्यवस्था के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि न्यायालय परिसर के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरी गरिमा, अनुशासन एवं प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि न्यायिक अधिकारियों, विशिष्ट अतिथियों, अधिवक्ताओं एवं आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक व्यवस्था का सूक्ष्म स्तर पर परीक्षण किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा में शेष तैयारियां पूर्ण करने तथा किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए।

डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से समारोह के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि यातायात प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा, अग्निशमन, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं को पूरी गंभीरता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विशिष्ट अतिथियों एवं आगंतुकों की उपस्थिति को देखते हुए प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन करे।

डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन स्थल के आसपास साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, संकेतक बोर्ड, प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखा जाए ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सभी विभाग नियमित समन्वय बनाए रखें तथा निर्धारित कार्यों की सतत निगरानी करते हुए समय से पहले सभी तैयारियां पूर्ण करें, जिससे टावर ऑफ जस्टिस का लोकार्पण समारोह गरिमामय, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

बैठक में डीसीपी हेडक्वार्टर डॉ अंशु सिंगला, एडीसी सोनू भट्ट, डीसीपी ट्रैफिक प्रतीक गहलोत, जीएम रोडवेज मेजर(रि) गायत्री अहलावत, अतिरिक्त निगम आयुक्त रविंद्र यादव, एसडीएम बादशाहपुर संजीव सिंगला, जीएमसीबीएल के एडिशनल सीईओ रविंद्र कुमार, संयुक्त निगम आयुक्त डॉ प्रीतपाल सिंह तथा डॉ नरेश कुमार, एसडीएम गुरुग्राम हितेंद्र कुमार, एसडीएम मानेसर दर्शन यादव, सीटीएम ज्योति नागपाल, संयुक्त आयुक्त मानेसर नगर निगम लोकेश यादव, सीएमओ डॉ लोकवीर, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार, डीआईओ सुमन सहित अन्य न्यायिक तथा प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!