भाजपा सरकार की भर्ती नीति युवाओं के साथ अन्याय, अपमान और भविष्य से खिलवाड़ का प्रतीक बन चुकी है : कुमारी सैलजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सिरसा, 7 जुलाई। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य कुमारी सैलजा ने हरियाणा में विभिन्न सरकारी भर्तियों में लगातार सामने आ रही विसंगतियों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की भर्ती नीति योग्य युवाओं को रोजगार देने के बजाय उन्हें अपमानित करने का माध्यम बन गई है। लाखों शिक्षित युवा वर्षों से नौकरी की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन सरकार ऐसे अव्यावहारिक नियम लागू कर रही है जिनके कारण सैकड़ों पद खाली रह जाते हैं।

कुमारी सैलजा ने कहा कि पीजीटी कंप्यूटर साइंस भर्ती में 1673 पदों में से 603 पद खाली रह जाना सरकार की विफल नीति का स्पष्ट प्रमाण है। इससे पहले भी भर्ती प्रक्रिया में केवल 39 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था और दोबारा भर्ती के बाद भी बड़ी संख्या में पद रिक्त रह गए। इसी प्रकार मनोविज्ञान (साइकोलॉजी) विषय में 85 पदों के मुकाबले केवल 3 अभ्यर्थियों को ही सफल घोषित किया गया, जबकि शेष पद खाली छोड़ दिए गए। अन्य कई विषयों में भी यही स्थिति देखने को मिली है। यह केवल भर्ती प्रक्रिया की खामी नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं का मनोबल तोड़ने वाला कदम है।

सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि जब हरियाणा में लाखों योग्य और शिक्षित युवा रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं, तब सरकार की यह जिम्मेदारी है कि भर्ती नियम ऐसे बनाए जाएं जिससे रिक्त पद भरें, न कि योग्य युवाओं को बाहर कर दिया जाए। स्कूलों में शिक्षकों की कमी है, विभागों में हजारों पद खाली हैं, लेकिन सरकार अपनी जिद और दोषपूर्ण नीतियों के कारण इन पदों को भरने में विफल साबित हो रही है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा के युवाओं से रोजगार देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज स्थिति यह है कि प्रदेश का युवा निराशा और हताशा का शिकार हो रहा है। बेरोजगारी बढ़ने से अनेक युवा मानसिक तनाव, अवसाद और सामाजिक असुरक्षा का सामना कर रहे हैं। रोजगार के अवसर लगातार कम होने के कारण कुछ युवा नशे और अपराध की ओर भी धकेले जा रहे हैं, जिसकी नैतिक जिम्मेदारी सरकार की गलत नीतियों पर है।

सांसद ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के लगभग 1.20 लाख कर्मचारियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा सरकार ने इन सभी कर्मचारियों को नियमित करने का वादा किया था। चुनाव बीतने के बाद आज तक एक भी कर्मचारी को नियमित नहीं किया गया। इसके विपरीत सरकार नए-नए नियम बनाकर और झूठे आश्वासन देकर कर्मचारियों को गुमराह कर रही है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट मानना है कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी, व्यावहारिक और युवाओं के हित में होनी चाहिए। रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाए, अव्यावहारिक पात्रता एवं कटऑफ संबंधी नियमों की समीक्षा की जाए तथा हरियाणा के युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दी जाए। साथ ही एचकेआरएन कर्मचारियों से किए गए वादों को बिना किसी देरी के पूरा किया जाए।

सांसद सैलजा ने कहा कि कांग्रेस युवाओं के सम्मान, रोजगार और उनके भविष्य की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी। हरियाणा के युवाओं के सपनों और अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!