गुरुग्राम में नशे के खिलाफ कांग्रेस की हुंकार, सरकार-पुलिस पर संरक्षण देने का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आईएमटी चौक से मानेसर तहसील तक निकाला गया विरोध मार्च, बड़ी संख्या में युवा शामिल, कांग्रेस बोली- नशे का नेटवर्क युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रहा, सरकार मूकदर्शक बनी हुई है

पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल, अवैध नशे के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई की मांग

गुरुग्राम, 7 जुलाई। गुरुग्राम में युवाओं के बीच बढ़ते नशे के कारोबार को लेकर मंगलवार को जिला ग्रामीण कांग्रेस ने सरकार और पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव के नेतृत्व में आईएमटी चौक से मानेसर तहसील तक विशाल रोष मार्च निकाला गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। नशे के खिलाफ संदेश लिखे बैनर और तख्तियां लेकर प्रदर्शनकारियों ने सरकार से अवैध नशे के नेटवर्क पर तत्काल और निर्णायक कार्रवाई की मांग की। रोष मार्च को संबोधित करते हुए वर्धन यादव ने कहा कि गुरुग्राम देश का प्रमुख औद्योगिक और कॉर्पोरेट केंद्र बन चुका है, लेकिन इसके साथ-साथ नशे का कारोबार भी तेजी से पैर पसार रहा है। उनका आरोप था कि नशे का यह जाल युवाओं के भविष्य, परिवारों की खुशियों और समाज की बुनियाद को खोखला कर रहा है, जबकि सरकार इस गंभीर संकट पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि नशा अब केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं, बल्कि सामाजिक आपात स्थिति बन चुका है। यदि समय रहते इस पर सख्ती नहीं की गई तो इसकी कीमत आने वाली पीढ़ियों को चुकानी पड़ेगी।

पुलिस की नाक के नीचे फल-फूल रहा कारोबार

वर्धन यादव ने पुलिस प्रशासन पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की नाक के नीचे नशे के सौदागर खुलेआम सक्रिय हैं और युवाओं को आसानी से अपनी गिरफ्त में ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन गंभीरता से कार्रवाई करे तो इस नेटवर्क को तोड़ना असंभव नहीं है, लेकिन मौजूदा व्यवस्था में इच्छाशक्ति की कमी साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने मांग की कि नशा तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ अभियान चलाया जाए, पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाए और दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

युवा खेल और शिक्षा की राह चुनें

कांग्रेस नेता ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा शिक्षा, खेल और रोजगार सृजन जैसी सकारात्मक गतिविधियों में लगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे की लत किसी एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार को बर्बाद कर देती है और समाज की प्रगति पर भी गहरा असर डालती है। उन्होंने कहा कि जिला ग्रामीण कांग्रेस का यह प्रदर्शन केवल राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और प्रशासन को उसकी जिम्मेदारी याद दिलाने का प्रयास है। यदि सरकार ने इस दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस इस मुद्दे को और व्यापक स्तर पर उठाएगी।

प्रदर्शन में पटौदी पूर्व प्रत्याशी सुधीर चौधरी, मेयर प्रत्याशी नीरज यादव, एन.एस.यू.आई प्रदेश अध्यक्ष अविनाश यादव, युवा नेता कुलदीप गुर्जर, अनुसूचित विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष अनिल धानक, वरिष्ठ कांग्रेस नेता पवन चौधरी, सुनीता वर्मा, मुकेश डागर, सूबे सिंह पटौदी, जिला उपाध्यक्ष सतबीर पहलवान, जिला महासचिव इंदर यादव, राकेश यादव, जिला सचिव दीपेश कौशिक, हरेंद्र सहरावत, संदीप यादव, अनिल गंडास, भीम सोनी, अश्विनी यादव, युवा नेता मनदीप राठी, विपिन राठी, योगेश यादव, निखिल यादव, सचिन बैसोया, संजय भाटिया, नितिन यादव समेत सैकड़ों की संख्या कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!