जीएमडीए ने गुरुग्राम में ग्रीन बेल्टों से 4,500 मीट्रिक टन से अधिक मलबा हटाया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

-शहर की लगभग 35 किलोमीटर प्रमुख सड़कों के साथ से मलबा हटने से ग्रीन बेल्टों की बदली तस्वीर

गुरुग्राम, 26 जून: गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने शहर की प्रमुख सड़कों के साथ बनी ग्रीन बेल्टों से 4,500 मीट्रिक टन से अधिक कंस्ट्रक्शन और डिमोलिशन (सीएंडडी) मलबा हटाकर ग्रीन बेल्ट का वास्तविक स्वरूप लौटाने की एक बड़ी पहल की है। यह अभियान पूरे मई महीने में चलाया गया और अब तक लगभग 35 किलोमीटर सड़क़ों के साथ ग्रीन बेल्टों को साफ़ किया जा चुका है ।

इस संबंध में जानकारी देते हुए जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी.सी. मीणा ने बताया कि शहर की कई प्रमुख सड़कों के साथ स्थित ग्रीन बेल्टों में लंबे समय से लोगों द्वारा अनाधिकृत रूप से मलबा डाला जा रहा था। इससे न केवल इन ग्रीन बेल्टों का स्वरूप बिगड़ा बल्कि गुरुग्राम शहर की छवि भी खराब हो रही थी । आज विश्व भर में गुरुग्राम की पहचान एक आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर से लैस आधुनिक सुविधाओं वाले शहर की है तथा इस शहर का आईटी सॉफ्टवेयर निर्यात में देश-विदेश में नाम है ।

उन्होंने बताया कि काफ़ी समय से ग्रीन बेल्टों में इक्ट्ठा हुए मलबे को हटाने के लिए जीएमडीए की कई टीमें लगाई गई । पिछले कई सप्ताहों से दिन-रात विशेष अभियान चलाकर ग्रीन बेल्टों में जमा मलबे को हटाकर उनका वास्तविक स्वरूप लौटाया गया है ।

After: Green belts along Tigra Village made malba-free after intensive day and night clearence drive.

श्री मीणा के अनुसार इस अभियान के तहत सिग्नेचर टॉवर चौक से लेफ्टिनेंट अतुल कटारिया चौक, लोटस वैली स्कूल रोड, गुरुग्राम यूनिवर्सिटी रोड, ओल्ड रेलवे रोड, सुभाष चौक से मिलेनियम सिटी सेंटर, सुभाष चौक से हीरो होंडा चौक, इफको चौक से एसपीआर कॉरिडोर तथा सेक्टर-44 और 45 की सड़कों सहित शहर के अन्य कई प्रमुख सड़कों से कंस्ट्रक्शन एवं डेमोलिशन का मलबा हटाया गया।

अभियान के दौरान मलबे को उठवाकर बसई स्थित सीएंडडी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट में डलवाया गया है, जहाँ पर इसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा ।

श्री मीणा ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों और ग्रीन बेल्टों में मलबा डालने से हरियाली खराब होती है और शहर की स्वच्छता भी प्रभावित होती है। ऐसे सार्वजनिक स्थलों को दोबारा स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए जीएमडीए लगातार विशेष अभियान चला रहा है। उन्होंने नागरिकों और डेवलपर्स से अपील की है कि मलबा केवल अधिकृत सीएंडडी वेस्ट प्रोसेसिंग केंद्रों पर ही डालें तथा सार्वजनिक स्थानों पर मलबा न डालें। ग्रीन बेल्टों या अन्य अनधिकृत स्थानों पर निर्माण सामग्री या मलबा फेंकने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मलबा हटाए जाने के बाद शहर के प्रमुख सड़क मार्गों का स्वरूप काफी बेहतर हुआ है। ग्रीन बेल्ट अब पहले की तुलना में अधिक स्वच्छ और व्यवस्थित दिखाई दे रही हैं। इन ग्रीन बेल्टों को फिर से हरा भरा बनाया जाएगा और नियमित रखरखाव, पौधारोपण तथा संरक्षण का कार्य भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जीएमडीए अपने अधीन आने वाले ग्रीन बेल्टों की नियमित निगरानी रखने का अभियान आगे भी जारी रखेगा, ताकि शहर की हरित संपदा सुरक्षित रहे और सार्वजनिक स्थान स्वच्छ बने रहें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!