स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग विषय पर होगा विशेष कार्यक्रम
गुरुग्राम, 20 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को सोहना स्थित कायाकल्प योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र में विशेष योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा प्राकृतिक आहार एवं स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
इस अवसर पर दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के मुख्य अभियंता (मानव संसाधन एवं प्रशासन) इंजीनियर राजकुमार जाजोरिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में योग विशेषज्ञ विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करेंगे।
कार्यक्रम का मुख्य विषय “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रखा गया है। इसमें बढ़ती उम्र में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखने में योग की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही प्राकृतिक एवं पौष्टिक आहार की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला जाएगा।
योग शिविर प्रातः 6 बजे से 7:30 बजे तक आयोजित होगा। आयोजन स्थल कायाकल्प योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र, सोहना (गुरुग्राम) रहेगा। कार्यक्रम के आयोजक एवं वरिष्ठ प्राकृतिक चिकित्सक तथा योग में स्वर्ण पदक विजेता डॉ. विजेता आर्य ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
डॉ. आर्य ने कहा कि नियमित योग, संतुलित प्राकृतिक आहार और सकारात्मक जीवनशैली स्वस्थ एवं निरोग जीवन की आधारशिला हैं। उन्होंने सभी नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों से इस योग उत्सव में शामिल होकर योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।









