12 वर्षों में स्वास्थ्य सुरक्षा को मिली नई पहचान, आयुष्मान भारत योजना से गुरुग्राम के 5.33 लाख से अधिक नागरिक लाभान्वित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

5.12 लाख आयुष्मान कार्ड और 21,347 वय वंदना कार्ड बनाकर पात्र परिवारों को मिला स्वास्थ्य सुरक्षा कवच

डबल इंजन सरकार की पहल से 5 लाख रुपये तक के निशुल्क उपचार की सुविधा पहुंची आमजन तक

गुरुग्राम, 17 जून। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिले हैं। आम नागरिकों, विशेषकर अंत्योदय परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना आज देश की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं में शामिल है।

पांच लाख से अधिक परिवारों को मिली स्वास्थ्य सुरक्षा

गुरुग्राम जिले में भी इस योजना का व्यापक प्रभाव दिखाई दे रहा है, जहां लाखों नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत आधार मिला है।

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार गुरुग्राम जिले में अब तक 5,12,006 आयुष्मान कार्ड तथा 21,347 वय वंदना कार्ड बनाए जा चुके हैं। इस प्रकार कुल 5,33,353 नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ उपलब्ध कराया गया है। योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक के निशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की जाती है। सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में लाभार्थियों को कैशलेस एवं पेपरलेस उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

गंभीर बीमारियों के इलाज में कारगर साबित हुई योजना

आयुष्मान भारत योजना गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए राहत का माध्यम बनकर उभरी है। योजना के तहत कैंसर, हृदय रोग, किडनी रोग, न्यूरो सर्जरी सहित अनेक जटिल बीमारियों के उपचार की सुविधा उपलब्ध है। विभिन्न प्रकार की सर्जरी, अस्पताल में भर्ती होने से पहले और बाद की का कार्य किया गया है।

चिरायु योजना भी बनी वरदान

केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना के साथ राज्य सरकार की चिरायु आयुष्मान भारत योजना को जोड़कर स्वास्थ्य सुरक्षा के दायरे का विस्तार किया गया है। राज्य सरकार ने योजना का लाभ 3 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों तक पहुंचाकर अधिक से अधिक नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने का मार्ग प्रशस्त किया है।

स्वास्थ्य कल्याण केंद्रों के माध्यम के घर के पास मिल रही स्वास्थ्य सेवाएं

आयुष्मान भारत कार्यक्रम का दूसरा महत्वपूर्ण घटक स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र हैं। इन केंद्रों के माध्यम से लोगों को उनके घरों के निकट प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, गैर-संचारी रोगों की जांच, आवश्यक दवाइयां तथा स्वास्थ्य परामर्श जैसी सुविधाएं इन केंद्रों पर उपलब्ध हैं। इससे बीमारियों की समय पर पहचान और बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन को बढ़ावा मिला है।

जिला में जागरूकता के लिए निरंतर जारी अभियान

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि पात्र नागरिकों को योजना से जोड़ने के लिए जिले में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। नए पात्र परिवारों के कार्ड बनाने की प्रक्रिया भी निरंतर जारी है। आयुष्मान भारत और चिरायु आयुष्मान भारत योजना आज लाखों परिवारों के लिए आर्थिक सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का भरोसेमंद माध्यम बन चुकी हैं। केंद्र सरकार के 12 वर्षों में स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए इन प्रयासों ने सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के साथ-साथ “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प को भी मजबूती प्रदान की है। इस योजना के पंजीकरण के लिए 16-17-18 जून को उपमंडल स्तर भी विशेष कैंप जारी है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!