एसआईआर-2026 अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सभी विभागों को दिए गए विशेष निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एडीसी सोनू भट्ट ने विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर जागरूकता गतिविधियां तेज करने को कहा

गुरुग्राम, 16 जून। एडीसी सोनू भट्ट ने मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली और अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बैठक में एडीसी ने श्रम विभाग को निर्देश दिए कि वे औद्योगिक क्षेत्रों, श्रमिक बस्तियों तथा प्रवासी श्रमिकों तक अभियान की जानकारी पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास करें। निर्माण स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों तक पहुंच बनाने के लिए डीटीपी विभाग और बिल्डर्स के सहयोग से जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश भी दिए गए। खेल विभाग को निर्देश दिए गए कि खेल नर्सरियों, स्टेडियमों और खेल परिसरों में फ्लेक्स एवं सूचना सामग्री प्रदर्शित कर खिलाड़ियों और युवाओं को अभियान के प्रति जागरूक किया जाए। इसी प्रकार बैंकिंग संस्थानों में अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाने के लिए सभी बैंकों में जागरूकता सामग्री और फ्लेक्स लगाने के निर्देश दिए गए। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को राशन डिपो तथा संबंधित सार्वजनिक स्थलों पर और अन्य संबंधित विभागों को पेट्रोल पंपों पर अभियान संबंधी प्रचार सामग्री प्रदर्शित करने को कहा गया।

एडीसी ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को सभी गांवों में ग्राम सभाओं के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने के निर्देश दिए। नगर निगम एवं अन्य निकाय अधिकारियों को पार्षदों के साथ बैठकें आयोजित कर अभियान की जानकारी आमजन तक पहुंचाने को कहा गया। शिक्षा विभाग को विद्यालयों की प्रार्थना सभाओं में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी देने तथा विद्यार्थियों के माध्यम से परिवारों तक संदेश पहुंचाने सहित वाद-विवाद एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

एडीसी ने नेहरू युवा केंद्र संगठन तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को अभियान से जोड़ने, महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्वास्थ्य विभाग को आशा वर्करों के माध्यम से घर-घर जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि इन जमीनी स्तर के नेटवर्क के माध्यम से अधिकाधिक नागरिकों तक अभियान की जानकारी पहुंचाई जा सकती है।

बैठक में उन्होंने सभी विभागों को एक-एक स्वीप नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश भी दिए। यह अधिकारी विभागीय स्तर पर आयोजित गतिविधियों की जानकारी तथा अन्य साक्ष्य निर्वाचन विभाग के साथ साझा करेंगे तथा आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करेंगे।

एडीसी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक सशक्त एवं पारदर्शी बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है। सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक नागरिकों तक इसकी जानकारी पहुंचाएं ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।

बैठक में नगर निगम गुरुग्राम से संयुक आयुक्त डॉ नरेश, डीईओ कैप्टन इंदु बोकन, डीडीए अनिल तंवर, डीडीपीओ नवनीत कौर, एलडीएम विनोद बजाज सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!