पीएमएवाई- यू 1.0, पीएमएवाई- यू 2.0 और मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत पात्र परिवारों को मिल रहा सम्मानजनक आवास, 2,709 परिवारों को आवंटित किए गए फ्लैट

गुरुग्राम, 16 जून। केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्षों के दौरान गुरुग्राम शहर के हजारों अंत्योदय परिवारों के लिए सर पर छत का सपना पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना बेहद कारगर साबित हुई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना भी धरातल पर बेहद सफल साबित हुई है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र व राज्य सरकार की इन योजनाओं से अंत्योदय परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव नजर आया है।
केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा शहरी क्षेत्रों के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), निम्न आय वर्ग (एलआईजी) तथा जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न आवासीय योजनाओं का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा इन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए हजारों पात्र परिवारों को आवासीय सुविधाओं का लाभ पहुंचाया गया है।
पीएमएवाई – यू 1.0 के तहत 323 परिवारों को मिला लाभ
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 1.0 के अंतर्गत नगर निगम गुरुग्राम क्षेत्र में कुल 537 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत सत्यापन एवं पात्रता परीक्षण किया गया। जांच के उपरांत 323 पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ प्रदान किया गया। योजना के तहत पात्र परिवारों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई तथा निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और निरीक्षण सुनिश्चित किया गया। इससे अनेक परिवारों को अपने पक्के मकान का सपना पूरा करने में मदद मिली और उनके जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया।
पीएमएवाई – यू 2.0 के तहत जारी किए गए 15 एलओआई
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत पात्र परिवारों के आवेदन प्राप्त करने, सत्यापन और पात्रता निर्धारण की प्रक्रिया निरंतर जारी है। अब तक 15 पात्र लाभार्थियों को लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई ) जारी किए जा चुके हैं। शेष प्राप्त आवेदनों का परीक्षण विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जा रहा है तथा पात्र पाए जाने वाले आवेदकों को चरणबद्ध तरीके से एलओआई जारी किए जाएंगे। नगर निगम द्वारा योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने के प्रयास भी लगातार किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 2,709 परिवारों को मिला घर
हरियाणा सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना (एमएमएसएवाई) के अंतर्गत वर्ष 2023 में बीपीएल परिवारों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। प्राप्त आवेदनों का विस्तृत सत्यापन एवं पात्रता जांच निर्धारित मानकों के अनुसार की गई। इस योजना के अंतर्गत मार्च 2026 में कुल 2,709 पात्र लाभार्थियों को गुरुग्राम के विभिन्न सेक्टरों एवं विकसित आवासीय सोसायटियों में फ्लैट आवंटित किए गए। इससे हजारों परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध हुआ है।
‘हर परिवार को आवास’ के लक्ष्य की ओर मजबूत कदम – मेयर राजरानी मल्होत्रा
नगर निगम गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की इन योजनाओं के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को आवासीय सुरक्षा प्रदान की जा रही है। आवास उपलब्ध होने से न केवल परिवारों का सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण हो रहा है, बल्कि उनके जीवन की गुणवत्ता में भी सुधार आ रहा है।
पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष फोकस- निगमायुक्त प्रदीप दहिया
नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि निगम द्वारा सभी आवासीय योजनाओं का पारदर्शी, समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। पात्र लाभार्थियों के चयन से लेकर आवास आवंटन और वित्तीय सहायता तक की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित की जा रही है।
निगमायुक्त ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की आवासीय योजनाएं समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र परिवार तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति आवास सुविधा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के माध्यम से हजारों परिवारों को नया जीवन मिला है तथा यह पहल सामाजिक सुरक्षा और समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।









