*गुरुग्राम में आज से शुरू हुए विशेष शिविर, 18 जून तक चारों विधानसभा क्षेत्रों में होंगे आयोजित*

गुरुग्राम, 16 जून। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गुरुग्राम जिला में आज से विशेष जन कल्याण शिविरों का आयोजन शुरू हो गया है। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित ये शिविर 18 जून तक जिले के सभी चार विधानसभा क्षेत्रों के उपमंडल कार्यालयों में संचालित किए जाएंगे। शिविरों का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ना है।
शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहकर नागरिकों को योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं। साथ ही पात्र लाभार्थियों का मौके पर पंजीकरण भी किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा विशेष रूप से ऐसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है जो अब तक किसी कारणवश सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रहे हैं।
तीन दिवसीय इन शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, लखपति दीदी योजना तथा वीबी जी-रामजी योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसके अलावा पात्र व्यक्तियों के आवेदन स्वीकार कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं।









