भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी हरियाणा के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी ने स्वयं रक्तदान कर दिया प्रेरक संदेश

गुरुग्राम, 14 जून- विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिला रेड क्रॉस सोसायटी गुरुग्राम द्वारा रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले रक्तदाताओं एवं रक्तदान शिविर आयोजित करने वाली समाजसेवी संस्थाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी हरियाणा राज्य शाखा के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी हरियाणा राज्य शाखा, चंडीगढ़ के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी एवं महासचिव सुनील कुमार के दिशा-निर्देशन तथा डीसी गुरुग्राम उत्तम सिंह एवं एडीसी सोनू भट्ट के मार्गदर्शन में चंदन नगर स्थित जिला रेड क्रॉस सोसायटी कार्यालय में सम्मान समारोह एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अंकुश मिगलानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

विश्व रक्तदाता दिवस की इस वर्ष की थीम “वन ड्रॉप ऑफ ह्यूमैनिटी, गिव ब्लड, सेव लाइव्स” के अवसर पर अपने संबोधन में अंकुश मिगलानी ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का श्रेष्ठ माध्यम है। रक्तदाता किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का कार्य करते हैं, इसलिए समाज के प्रत्येक नागरिक को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने रक्तदान के क्षेत्र में कार्य कर रही संस्थाओं एवं सभी रक्तदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि उनके सहयोग के बिना रक्तदान अभियान को सफल बनाना संभव नहीं है।
उन्होंने बताया कि विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर अधिक रक्त संग्रह करने में हरियाणा रेड क्रॉस सोसायटी ने देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि रेड क्रॉस से जुड़े स्वयंसेवकों, समाजसेवी संस्थाओं एवं रक्तदाताओं के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा या जरूरत के समय रेड क्रॉस सदैव जनसेवा के लिए तत्पर रहती है।

कार्यक्रम में जिला रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव विकास कुमार ने मुख्य अतिथि का पुष्प भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने बताया कि विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित रक्तदान शिविरों में लगभग 400 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
रेड क्रॉस सोसायटी कार्यालय में आयोजित रक्तदान शिविर में मुख्य अतिथि अंकुश मिगलानी एवं सचिव विकास कुमार ने सर्वप्रथम रक्तदान कर उपस्थित लोगों का उत्साहवर्धन किया। शिविर में प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं सहित अनेक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
इस अवसर पर अंकुश मिगलानी ने फर्स्ट एड लेक्चररों की बैठक लेकर उनकी समस्याओं पर चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस सेवा, समर्पण और मानवता की भावना के साथ कार्य करती है तथा सभी को समाजहित में सेवा कार्यों से जुड़ना चाहिए।
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी के जिला प्रशिक्षण अधिकारी व कार्यक्रम संचालक जतिन शर्मा, पेटर्न शिल्पा रैना, अतुल कुमार पाराशर, आकांक्षा, कुणाल मंगला एवं फस्र्ट एड लेक्चरर रमेश, कविता सरकार, विक्रम भटनागर, रोहिताश शर्मा, नीलम, नितिन पंचाल, तरुण, हरफूल सैनी व टीबी प्रोजेक्ट से रोहिताश शर्मा, वनिता पीटर, सुषमा तथा टीआई प्रोजेक्ट से संगीता, जगदीश राठी, भीम सिंह, सरोज, कमला, विकास, जय भगवान आदि ने विशेष योगदान दिया।








