कैंसर, हृदय रोग और अन्य आवश्यक दवाओं के दामों में भारी बढ़ोतरी का आरोप
स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और महंगी चिकित्सा से आम जनता परेशान
सरकार मरीजों की मजबूरी को बना रही कमाई का जरिया : राव नरेंद्र सिंह
चंडीगढ़, 14 जून। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने आवश्यक दवाओं की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई से जूझ रही जनता पर यह एक और बड़ा प्रहार है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीमारी और इलाज जैसी संवेदनशील जरूरत को भी सरकार ने राजस्व संग्रह और मुनाफाखोरी का माध्यम बना दिया है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कैंसर, टिटनस, घावों के उपचार तथा अन्य गंभीर बीमारियों में उपयोग होने वाली अनेक दवाओं की कीमतों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2021 से 2026 के बीच लगभग 900 आवश्यक दवाओं के दामों में 26 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। वहीं ब्लड प्रेशर, हृदय रोग, एचआईवी तथा विभिन्न संक्रमणों के उपचार में इस्तेमाल होने वाली जेनेरिक दवाइयों की कीमतों में भी पिछले पांच वर्षों में करीब 28 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है।
उन्होंने कहा कि एक ओर पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दामों ने आम परिवारों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है, वहीं अब दवाओं की कीमतों में वृद्धि ने गरीब, किसान, मजदूर, बुजुर्ग और मध्यम वर्गीय परिवारों की चिंताओं को और बढ़ा दिया है। बीमारी के समय जब परिवार पहले से आर्थिक संकट से जूझ रहा होता है, तब महंगी दवाइयां उसके लिए दोहरी मार साबित होती हैं।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भारतीय संस्कृति और मानवीय मूल्यों का आधार जरूरतमंदों की सहायता करना है, लेकिन सरकार मरीजों की मजबूरी को भी कमाई का जरिया बना रही है। उन्होंने इसे जनता के स्वास्थ्य के प्रति अमानवीय और संवेदनहीन रवैया बताया।
राव नरेंद्र सिंह ने हरियाणा की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या आवश्यकता के अनुरूप नहीं है। जिला और उपमंडल स्तर के अस्पतालों में डॉक्टरों, विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ तथा पैरामेडिकल कर्मचारियों के हजारों पद खाली पड़े हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्र संसाधनों की कमी से जूझ रहे हैं, जबकि कई सरकारी अस्पतालों की इमारतें जर्जर स्थिति में हैं। मरीजों को समय पर उपचार, जांच और आवश्यक दवाइयां तक उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।
उन्होंने कहा कि जब स्वास्थ्य सुविधाएं पहले से कमजोर हों और अस्पतालों में पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध न हो, तब दवाओं की कीमतों में वृद्धि जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने के समान है। सरकार को आवश्यक दवाओं की कीमतों में राहत देने के साथ-साथ हरियाणा के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सस्ती चिकित्सा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और आम नागरिकों के स्वास्थ्य अधिकारों की लड़ाई लगातार उठाती रहेगी तथा सरकार को उसकी जनविरोधी नीतियों के लिए जवाबदेह बनाएगी।








