लोगों को मतदाता सूची में नाम जांचने व अपडेट कराने के लिए जागरुक करें कार्यकर्ता: बिजेंद्र रंगा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

-बोलेे, किसी भी सूरत में मतदाताओं के नाम सूची से ना कटने दें

-जिला कांग्रेस कार्यालय में एसआईआर को लेकर महत्वपूर्ण बैठक में कही यह बात

-जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने जताया एकजुटता का भरोसा

गुडग़ांव। जिला कांग्रेस कार्यालय में रविवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गुडग़ांव जिला संयोजक बिजेंद्र रंगा ने की। जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने उनका स्वागत किया। बैठक में कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बिजेंद्र रंगा ने आगामी चुनावों को देखते हुए एसआईआर प्रक्रिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भूमिका तय करने और बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने पर चर्चा की। साथ ही मतदाता सूची में नाम जोडऩे, संशोधन कराने और फर्जी नाम हटवाने के लिए चलाए जाने वाले अभियान पर चर्चा की। जिला संयोजक बिजेंद्र रंगा ने कहा कि एसआईआर केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं है। कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को मतदाता सूची में नाम जांचने और अपडेट कराने के लिए जागरुक करें। ऐसा ना हो कि किसी का गलती मतदाता सूची से नाम कट जाए या अपडेट ना हो। उन्होंने कहा कि चुनाव बूथ पर जीते जाते हैं और बूथ को मजबूत करने की जिम्मेदारी हम सबकी है। अगर एक भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूट गया तो यह लोकतंत्र के साथ अन्याय होगा। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता बूथ लेवल एजेंट के साथ मिलकर यह सुनिश्चित करे कि कोई भी पात्र व्यक्ति वोट डालने से वंचित न रहे। बिजेंद्र रंगा ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से जनता परेशान है और लोगों का भरोसा कांग्रेस से बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे एसआईआर के साथ-साथ लोगों की समस्याओं को भी सुनें और उनका समाधान कराने में मदद करें। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए नियमित बैठकें और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यकर्ता मजबूत, एकजुट होकर करेंगें काम: पंकज डावर

जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने बिजेंद्र रंगा का स्वागत करते हुए कहा कि गुडग़ांव शहर में पार्टी संगठन पहले से ही सक्रिय है और अब इसे और अधिक तेज किया जाएगा। हमें भाजपा की झूठी राजनीति और जनविरोधी नीतियों को जनता के बीच उजागर करना है। एसआईआर प्रक्रिया को लेकर हम हर घर तक पहुंचेंगे और कांग्रेस की नीतियों को बताएंगे। पार्टी का हर कार्यकर्ता एकजुट होकर मैदान में उतरे, यही हमारी ताकत बनेगी। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था की स्थिति जनता के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। कांग्रेस कार्यकर्ता इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे और एसआईआर के दौरान लोगों से संवाद करेंगे। डावर ने कहा कि युवा, महिला और किसान वर्ग कांग्रेस के साथ जुड़ रहा है और पार्टी इस भरोसे पर खरी उतरेगी। इस अवसर पर सुनीता सहरावत, सुबे सिंह यादव, सीमा हुड्डा, राजीव यादव, ओमप्रकाश पांचाल, विकास हुड्डा, दिनेश शर्मा, पंकज मेहंदीरत्ता, मुकेश डागर, भोले गुज्जर, रमाकांत शर्मा, राहुल यादव, राजेश यादव, रमेश सहरावत, हरविंदर सिंह, श्याम लाल बामनिया, सतीश सांगवान, नरेश वशिष्ठ, धर्मेंद्र मिश्रा, महावीर कन्हई, मास्टर महेंद्र सेन, मनोज आहूजा, सुनीता तोमर, अमित कोचर, जयपाल धनकर, दीपक सोनी, मंजू देवी, कार्तिक गहलोत, रविंद्र तिगरा समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यकर्ताओं को दिए गए दिशा-निर्देश

बैठक में तय किया गया कि प्रत्येक बूथ पर दो कांग्रेस कार्यकर्ताओं की टीम बनाई जाएगी, जो बीएलओ के संपर्क में रहकर मतदाता सूची की जांच करेगी। पदाधिकारियों ने कहा कि आने वाले दिनों में गुडग़ांव के सभी 36 वार्डों में कार्यकर्ता बैठकें आयोजित की जाएंगी। बैठक में उपस्थित नेताओं ने एकजुट होकर काम करने और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का संकल्प लिया। बैठक के अंत में पंकज डावर ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया और कहा कि कांग्रेस गुडग़ांव में जनता के मुद्दों पर लड़ाई लड़ती रहेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!