नागरिक अस्पताल निर्माण में देरी के खिलाफ कांग्रेस का रविवार को हल्ला बोल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वर्षों से अधर में लटके जिला नागरिक अस्पताल पर सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस, भाजपा सरकार पर जनता को गुमराह करने का आरोप

गुरुग्राम, 7 जून 2026। वर्षों पहले ध्वस्त किए गए जिला नागरिक अस्पताल के निर्माण में लगातार हो रही देरी के विरोध में कांग्रेस आज सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर के नेतृत्व में रविवार सायं 4 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय से पुराने नागरिक अस्पताल तक “हल्ला बोल प्रदर्शन” करेंगे।

पंकज डावर ने बताया कि अस्पताल निर्माण में हो रही देरी के खिलाफ आंदोलन का निर्णय कांग्रेस की हाल ही में आयोजित मासिक बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया था। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ शहरवासियों से भी बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।

डावर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गुरुग्राम जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बेहद चिंताजनक है। गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए सरकारी स्वास्थ्य सुविधाएं लगातार दूर होती जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों पहले तोड़े गए जिला नागरिक अस्पताल के पुनर्निर्माण को लेकर सरकार केवल घोषणाएं और दावे करती रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य शुरू तक नहीं हो पाया है।

उन्होंने कहा कि सरकार और उसके नेता समय-समय पर अत्याधुनिक अस्पताल और हेलिपैड जैसी बड़ी-बड़ी योजनाओं के सपने दिखाते रहे हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि अस्पताल निर्माण के नाम पर अब तक एक ईंट भी नहीं लगाई गई। इससे स्पष्ट है कि सरकार जनता को केवल आश्वासन देकर गुमराह कर रही है।

पंकज डावर ने कहा कि वर्तमान में महज 50 बेड के अस्पताल पर लाखों लोगों की स्वास्थ्य जरूरतों का बोझ है, जिससे मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि आज निर्माण कार्य शुरू भी हो जाए तो अस्पताल को तैयार होने में दो से तीन वर्ष लग जाएंगे, इसलिए सरकार को बिना किसी और देरी के निर्माण प्रक्रिया तत्काल शुरू करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह प्रदर्शन केवल एक अस्पताल के निर्माण का मुद्दा नहीं, बल्कि गुरुग्राम की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ जनता की आवाज है। प्रदर्शन के माध्यम से सरकार को चेतावनी दी जाएगी कि यदि जल्द अस्पताल निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!