7 जून से 21 जून तक प्रदेशभर में चलेंगे विशेष अभियान, जनसंपर्क और सेवा के कार्यक्रम
मोदी सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाएंगे कार्यकर्ता, लाभार्थियों से होगा सीधा संवाद
पीएम मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है देश: डॉ. अर्चना गुप्ता
चंडीगढ़, 6 जून। मोदी सरकार के रविवार 7 जून को 12 वर्ष पूरे हो रहे हैं। मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी प्रदेशभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएगी। पार्टी ने इस अभियान की थीम “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” निर्धारित की है। 21 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्र निर्माण में हुए कार्यों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ लगातार देश की सेवा कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब, शोषित, वंचित, किसान, महिला और युवाओं के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा, नारी शक्ति का सशक्तीकरण, आधारभूत ढांचे का विकास और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा में वृद्धि मोदी सरकार की प्रमुख उपलब्धियां हैं।
डा. गुप्ता ने बताया कि 8 से 12 जून तक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता और वे स्वयं मीडिया संवाद कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वहीं 8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक, राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत विशेष जनसंपर्क अभियान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, प्रगति रथ यात्रा और विकसित भारत संकल्प सम्मेलन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक सांसद अपने लोकसभा क्षेत्र की सभी विधानसभाओं में पूरा बिताएंगे, जबकि विधायक भी पूरे दिन मंडलों में जनसंवाद करेंगे। प्रत्येक जिले में 500 से अधिक प्रमुख नागरिकों से संपर्क कर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्य घर, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी और अन्य जनहितकारी योजनाओं पर विशेष फोकस रहेगा। लाभार्थियों के लिए विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे, जहां उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में पार्टी के कार्यकर्ता सहयोग करेंगे। इसके अलावा प्रदर्शनी, चित्रकला प्रतियोगिता, कार्यशालाएं और लाभार्थी संवाद कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
उन्होंने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान तथा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम भी प्रत्येक मंडल स्तर पर आयोजित होंगे। डा. अर्चना गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले वर्षों में भारत आर्थिक और सामरिक रूप से और अधिक मजबूत होगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला स्तर पर चार व मंडल स्तर पर तीन सदस्यों की समिति गठित
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने बताया कि अभियान के सफल आयोजन के लिए जिला स्तर पर चार सदस्यों वाली समितियों का गठन किया गया है, जबकि मंडल स्तर पर तीन-तीन सदस्यों की समितियां बनाई गई हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा का मुख्य उद्देश्य जनता से सीधे संवाद स्थापित कर मोदी सरकार की जनहितकारी नीतियों और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना है। अभियान के दौरान सामाजिक, आर्थिक और विकासात्मक विषयों पर चर्चा की जाएगी तथा सभी वर्गों के लोगों से संवाद स्थापित किया जाएगा।
अरविंद सैनी ने बताया कि पिछले 12 वर्षों में देश ने बुनियादी ढांचे, डिजिटल तकनीक, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने बताया कि यह अभियान सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ आम लोगों के साथ पार्टी के जुड़ाव को और अधिक मजबूत बनाने का माध्यम बनेगा।







