योग को जन-आंदोलन बनाने के लिए जिलेभर में चल रहा जागरूकता अभियान

गुरुग्राम, 5 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयुष विभाग एवं हरियाणा योग आयोग के संयुक्त तत्वावधान में आईटीआई सेक्टर-14 गुरुग्राम में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी एवं जिला योग कॉर्डिनेटर डॉ. विकास यादव के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम का संचालन योग विशेषज्ञ डॉ. भूदेव ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं सूक्ष्म व्यायामों का अभ्यास करवाया। साथ ही योग के महत्व और इसके स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योगाभ्यास किया। प्रतिभागियों को बताया गया कि नियमित योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर जीवन में सकारात्मकता और संतुलन स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने तथा 21 जून को आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
डॉ. मंजू कुमारी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य विरासत है, जिसे अपनाकर स्वस्थ एवं निरोग जीवन प्राप्त किया जा सकता है। वहीं डॉ. विकास यादव ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से जिलेभर में विभिन्न संस्थानों एवं विभागों में नियमित रूप से योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पोर्टल पर अपना पंजीकरण अवश्य करवाएं और योग दिवस कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने तथा अधिक से अधिक लोगों को योग एवं पंजीकरण अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।






