आम, जामुन और बेलपत्र के पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश”
पेड़ लगाना सबसे बड़ा धर्म, स्वच्छ पर्यावरण से ही सुरक्षित होगा भविष्य” : श्रीपाल शर्मा
गुरुग्राम, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लक्ष्मण विहार में महिला शक्ति मंच और शहीद यादगार मंच हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान आम, जामुन, बेलपत्र सहित विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कादीपुर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्रीपाल शर्मा ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन, पशु-पक्षियों और समस्त जीव-जंतुओं के अस्तित्व का आधार हैं। वृक्ष हमें निरंतर प्राणवायु (ऑक्सीजन) प्रदान करते हैं और इनके बिना जीवन की कल्पना भी संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान लोगों ने ऑक्सीजन के महत्व को नजदीक से महसूस किया था, इसलिए पेड़ लगाना आज के समय का सबसे बड़ा धर्म है।
उन्होंने लोगों से अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि किसी के पास पर्याप्त भूमि उपलब्ध नहीं है तो वह अपने घर की छत या बालकनी में गमलों में छोटे-छोटे पौधे अवश्य लगाए। छोटे पौधे भी पर्यावरण को शुद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जहां पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो, वहां नीम, पीपल और बरगद जैसे वृक्ष लगाने चाहिए, क्योंकि ये पर्यावरण संरक्षण में विशेष योगदान देते हैं।
श्रीपाल शर्मा ने कहा कि शुद्ध व स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। यदि हम अधिक से अधिक वृक्षारोपण करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों को बेहतर और सुरक्षित पर्यावरण प्रदान कर सकेंगे।
पौधारोपण कार्यक्रम में महिला शक्ति मंच की ओर से संतोष श्रीपाल शर्मा, पूनम, सुषमा, सविता, पिंकी, नानकी तथा रितिका कौशिश ने भाग लिया। वहीं शहीद यादगार मंच हरियाणा की ओर से श्रीपाल शर्मा, रामनिवास, सुरेंद्र कौशिश, मदनलाल, रविंद्र, राकेश और संजीत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






