व्हाट्सएप चैटबॉट, कॉल सेंटर, मोबाइल ऐप, वेब चैट और एआई आधारित तकनीक से उपभोक्ताओं को मिलेगा त्वरित समाधान
गुरुग्राम, 3 जून। हरियाणा सरकार के विशेष ऊर्जा सचिव तथा दक्षिण एवं उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगमों के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देशानुसार दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने अपने कंप्लेंट हैंडलिंग सिस्टम (सीएचएस) को और अधिक सशक्त एवं आधुनिक बनाते हुए यूनिफाइड कंज्यूमर कंप्लेंट एंड सर्विस पोर्टल को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया है। इस पहल का उद्देश्य उपभोक्ताओं को पारदर्शी, सरल, डिजिटल और समयबद्ध बिजली सेवाएं उपलब्ध कराना है।
प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित इस केंद्रीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से बिजली आपूर्ति, मीटरिंग, बिलिंग, शिकायत निवारण तथा विभिन्न सेवा अनुरोधों के लिए एकीकृत समाधान उपलब्ध कराया जा रहा है। उपभोक्ता अब अपनी शिकायतें दर्ज कराने, उनकी स्थिति जानने, बिल संबंधी सेवाओं का लाभ लेने और अन्य आवश्यक अनुरोध ऑनलाइन माध्यम से आसानी से कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि निगम ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए ओम्नी-चैनल संपर्क व्यवस्था विकसित की है। बिजली संबंधी शिकायतों एवं जानकारी के लिए उपभोक्ता 1912 और 1800-180-4334 कॉल सेंटर पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा 8813999708 नंबर पर उपलब्ध व्हाट्सएप चैटबॉट के माध्यम से शिकायत दर्ज कराना, शिकायत की स्थिति जानना, बिजली बिल, नए कनेक्शन तथा अन्य सेवाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त करना भी संभव है।
बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में उपभोक्ताओं के लिए 7669875768 मिस्ड कॉल सेवा भी उपलब्ध कराई गई है। पंजीकृत मोबाइल नंबर से मिस्ड कॉल देने पर शिकायत स्वतः दर्ज हो जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं को अलग से शिकायत दर्ज कराने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
विक्रम सिंह ने बताया कि डीएचबीवीएन सीएचएस मोबाइल ऐप के माध्यम से भी उपभोक्ता शिकायत पंजीकरण, शिकायत ट्रैकिंग और विभिन्न सेवा अनुरोधों का लाभ घर बैठे प्राप्त कर सकते हैं। यह ऐप निगम के अधिकारियों को शिकायतों की प्रभावी निगरानी, विश्लेषण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने में भी मदद करेगा।
बिजली निगम के प्रवक्ता संजय चुघ ने कहा कि निगम डिजिटल तकनीक, चैटबॉट, मोबाइल एप्लिकेशन, कॉल सेंटर और केंद्रीकृत शिकायत प्रणाली के माध्यम से उपभोक्ता सेवाओं को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। एआई आधारित सेवाओं और डिजिटल प्लेटफॉर्म के विस्तार से शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी तथा उपभोक्ताओं को घर बैठे बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि निगम का लक्ष्य उपभोक्ताओं को एक ही मंच पर सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिससे शिकायत निवारण प्रक्रिया अधिक सरल, सुविधाजनक और प्रभावशाली बन सके। डीएचबीवीएन ने “हमसे जुड़ें, समाधान पाएं – हमारा प्रयास, आपका विश्वास” संदेश के साथ सभी उपभोक्ताओं से उपलब्ध डिजिटल सेवाओं का अधिकतम उपयोग करने और बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए निर्धारित हेल्पलाइन नंबरों एवं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का उपयोग करने की अपील की है।









