विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का आज अंतिम दिन, सभी पात्र मतदाता आज ही गणना प्रपत्र जमा कराएं : डीसी उत्तम सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गणना प्रपत्र जमा करने का अंतिम अवसर, मतदाता सूची में नाम सही एवं त्रुटिरहित रखने के लिए आज ही करें आवेदन

बीएलओ घर-घर पहुंचकर कर रहे हैं संपर्क, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध है सुविधा

गुरुग्राम, 23 जुलाई- जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त उत्तम सिंह ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) जमा करने का आज अंतिम दिन है। जिन मतदाताओं ने अभी तक अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं कराया है, वे आज ही संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को अपना गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएं अथवा ईसीआईनेट के माध्यम से ऑनलाइन जमा करें, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में सही एवं त्रुटिरहित रहे।

डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता की भागीदारी इस अभियान की सफलता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी नागरिक अंतिम दिन का लाभ उठाते हुए अपना गणना प्रपत्र समय पर जमा करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन विभाग की टीमें अंतिम दिन भी पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रही हैं। बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर गणना प्रपत्र प्राप्त कर रहे हैं। इसके साथ ही ऑनलाइन प्राप्त गणना प्रपत्रों का भी निर्धारित समय सीमा के भीतर सत्यापन किया जा रहा है, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए।

डीसी ने बताया कि अभियान के दौरान अनुपस्थित, स्थायी रूप से अन्य स्थान पर स्थानांतरित, मृत तथा डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान का कार्य भी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जा रहा है। सभी मामलों का परीक्षण एवं सत्यापन कर मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाया जा रहा है।

उत्तम सिंह ने जिले के सभी नागरिकों से आग्रह किया कि यदि परिवार या आसपास का कोई भी पात्र मतदाता अभी तक गणना प्रपत्र जमा नहीं कर पाया है तो उसे भी आज ही यह प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि आज गणना प्रपत्र जमा करने का अंतिम अवसर है। प्रत्येक पात्र नागरिक की सहभागिता से ही मतदाता सूची अधिक सटीक और त्रुटिरहित तैयार की जा सकेगी तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!