घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक, निर्धारित संख्या में वाहन उपलब्ध कराने बारे एजेंसियों को निर्देश

गुरुग्राम, 23 जुलाई। गुरुग्राम शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से गुरुग्राम की मेयर श्रीमती राजरानी मल्होत्रा ने वीरवार को अपने कार्यालय में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था, एजेंसियों द्वारा टेंडर शर्तों के पालन तथा सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया, अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी, यश जालुका, रविन्द्र यादव, कुशल कटारिया, पूजा चांवरिया एवं डॉ. जयवीर यादव, संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार, डॉ. प्रीतपाल सिंह एवं सपना यादव तथा कार्यकारी अभियंता सुंदर श्योराण उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मेयर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था शहर की स्वच्छता की रीढ़ है और इसे प्रभावी बनाने के लिए संबंधित एजेंसियों को टेंडर के अनुसार निर्धारित संख्या में वाहन एवं अन्य संसाधन उपलब्ध कराने होंगे।

मेयर ने कहा कि यदि कोई एजेंसी अनुबंध की शर्तों का पालन नहीं करती है और निर्धारित संख्या में वाहन उपलब्ध कराने में लापरवाही बरतती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार पेनल्टी लगाने के साथ-साथ ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी तत्काल शुरू की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड में संचालित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों का पूरा विवरण, जिसमें वाहन संख्या, संबंधित एजेंसी का नाम तथा एजेंसी प्रतिनिधि का संपर्क नंबर शामिल हो, संबंधित वार्ड पार्षदों को उपलब्ध कराया जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर भी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
मेयर ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता प्रत्येक घर से समयबद्ध एवं नियमित रूप से कचरे का संग्रहण सुनिश्चित करना है। इसके लिए एजेंसियों की जवाबदेही तय करना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि “या तो एजेंसियां टेंडर के अनुरूप सभी वाहन उपलब्ध कराएं, अन्यथा ब्लैकलिस्ट होने के लिए तैयार रहें।”
बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी एजेंसियों की नियमित मॉनिटरिंग जारी रखी जाए और जहां भी अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन पाया जाए, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मेयर श्रीमती राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि स्वच्छ गुरुग्राम हमारा संकल्प है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। नागरिकों को बेहतर स्वच्छता सेवाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी एजेंसियों को टेंडर की प्रत्येक शर्त का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करना होगा। नियमों की अनदेखी करने वाली एजेंसियों के विरुद्ध पेनल्टी के साथ-साथ ब्लैकलिस्ट करने जैसी कठोर कार्रवाई भी की जाएगी।
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि नगर निगम द्वारा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने वाली एजेंसियों पर नियमानुसार पेनल्टी लगाई जा रही है तथा आवश्यकतानुसार कारण बताओ नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। हमारा उद्देश्य शहर के प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण स्वच्छता सेवाएं उपलब्ध कराना है।








