भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने राहुल गांधी से किया सवाल – नीट पर चर्चा से क्यों भाग रहे हैं राहुल गांधी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राहुल गांधी छात्रों के मुद्दों का राजनीतिकरण कर रहे हैं: डा. अर्चना गुप्ता

मोदी सरकार के लिए विद्यार्थियों का हित सर्वाेच्च, पेपर लीक के दोषियों को मिलेगा कठोर दंड: डा. अर्चना गुप्ता

पेपर लीक मामले के दोषियों को कठोर दंड दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक अदालतों के होगा गठन

मोदी सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को कठोर दंड दिलाएगी: डा. अर्चना गुप्ता

मोदी सरकार ने शिक्षा बजट, मेडिकल कॉलेज और आईआईटी की संख्या बढ़ाकर युवाओं के भविष्य को मजबूत किया: डा. अर्चना गुप्ता

चंडीगढ़, 23 जुलाई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने सोनीपत में प्रेसवार्ता कर कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस छात्रों के मुद्दों का राजनीतिकरण कर रही है और अराजकता का माहौल पैदा करना चाहती है। डा. अर्चना गुप्ता ने सवाल किया कि राहुल गांधी नीट पर संसद में चर्चा करने से क्यों भाग रहे हैं? उन्होंने कहा कि कांग्रेस व विपक्ष का उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान नहीं, बल्कि भ्रम फैलाकर युवाओं को गुमराह करना है। उन्होंने कहा कि जनता कई बार कांग्रेस को नकार चुकी है, फिर भी कांग्रेस झूठ और भ्रम फैलाकर अपनी राजनीति चमकाने का प्रयास कर रही है।

गुरुवार को सोनीपत के एटलस रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के लिए देश के विद्यार्थियों का भविष्य सर्वाेच्च प्राथमिकता है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को कठोर दंड दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक अदालतों के गठन का निर्णय लिया है तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।

डा. अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं, बल्कि छात्रों की समस्याओं का समाधान निकालने का है। मोदी सरकार संसद में नीट और पेपर लीक के मुद्दे पर विस्तृत चर्चा चाहती है, लेकिन कांग्रेस और इंडी गठबंधन बहस से भाग रहे हैं और संसद की कार्यवाही बाधित कर रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि राहुल गांधी के पास कोई ठोस सुझाव है तो उन्हें संसद में रखना चाहिए। सरकार किसी भी नियम के तहत जितनी देर तक चर्चा करनी हो, उसके लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि छात्रों की भी यही अपेक्षा है कि उनके भविष्य से जुड़े विषय पर गंभीर बहस हो और स्थायी समाधान निकले। लेकिन विपक्ष समाधान के बजाय केवल राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि छात्रों के कंधों का इस्तेमाल कर राजनीतिक दुकान चलाना कांग्रेस की पुरानी प्रवृत्ति रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भी अनेक परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए, लेकिन उस समय दोषियों के खिलाफ कांग्रेस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने परीक्षाओं को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए कठोर कदम उठाए हैं और अनेक आरोपियों की गिरफ्तारियां भी हुई है।

डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार चाहती है कि सत्ता पक्ष और विपक्ष मिलकर पेपर लीक जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान खोजें, लेकिन कांग्रेस संसद में संवाद के बजाय देश में अराजकता का माहौल बनाना चाहती है।

प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने शिक्षा क्षेत्र में मोदी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय शिक्षा का बजट मात्र 8,225 करोड़ रुपये था, जिसे बढ़ाकर मोदी सरकार ने 1.49 लाख करोड़ रुपये से अधिक कर दिया। देशभर में एम्स, आईआईटी, मेडिकल कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और मेडिकल सीटों की संख्या में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार विद्यार्थियों तथा युवाओं की भावनाओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील हैं। प्रत्येक छात्र का सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा हर सार्थक विषय पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस और इंडी गठबंधन संसद की गरिमा को ठेस पहुंचाकर लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश का युवा कांग्रेस के भ्रामक प्रचार को भली-भांति समझता है और विकास, सुशासन तथा राष्ट्रनिर्माण की राजनीति के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने देगी और जो पेपर लीक के दोषी है उन्हें कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले में मोदी सरकार ने तुरंत एक्शन लिया है। उन्होंने कहा कि जिन विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा पास की है वे बहुत ही खुश हैं कि सरकार ने नीट की पारदर्शी तरीके से तुरंत परीक्षाएं कराई। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के दोषियों को अदालत के माध्यम से कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता के साथ भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, सोनीपत जिला प्रभारी सतीश नांदल, सोनीपत नगर निगम के मेयर राजीव जैन, जिला महामंत्री नीरज कुमार, अजय कुमार, प्रदेश प्रवक्ता राज कुमार कटारिया, गन्नौर से प्रत्याशी रहे देवेंद्र कौशिक, जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष मोनिका दहिया, बबीता दहिया, पूजा जांगड़ा, आजाद नेहरा, दीपक मंगला, नवीन मंगला मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!