सीटीएम ज्योति नागपाल की अध्यक्षता में रोटावेटर एवं लेज़र लैंड लेवलर का ऑनलाइन ड्रॉ संपन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एसएमएएम योजना के तहत पात्र 221 किसानों का हुआ चयन

गुरुग्राम, 23 जुलाई। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा एसएमएएम (सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन) योजना के अंतर्गत रोटावेटर एवं लेज़र लैंड लेवलर कृषि यंत्रों पर अनुदान प्रदान करने के लिए गुरुवार को लघु सचिवालय स्थित मीटिंग हॉल में ऑनलाइन ड्रॉ का आयोजन किया गया। ड्रॉ प्रक्रिया सीटीएम ज्योति नागपाल की अध्यक्षता में पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई।

इस अवसर पर सीटीएम ज्योति नागपाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों से जोड़कर खेती को अधिक लाभकारी, समयबद्ध एवं लागत प्रभावी बनाना है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन ड्रॉ प्रणाली से चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी रहती है, जिससे पात्र किसानों को बिना किसी भेदभाव के योजना का लाभ मिलता है। उन्होंने किसानों से सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का भी आह्वान किया। सीटीएम ने चयनित किसानों को बधाई देते हुए निर्देश दिए कि सभी चयनित किसान विभाग द्वारा निर्धारित तिथि तक अपने आवश्यक दस्तावेज सहायक कृषि कार्यालय में जमा करवाना सुनिश्चित करें।

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विभाग द्वारा इस वर्ष 181 रोटावेटर तथा 40 लेज़र लैंड लेवलर पर अनुदान देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए प्राप्त आवेदनों में रोटावेटर के 372 तथा लेज़र लैंड लेवलर के 80 पात्र किसानों में से ऑनलाइन ड्रॉ के माध्यम से अंतिम लाभार्थियों का चयन किया गया। चयनित किसानों को निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत अनुदान का लाभ प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. अनिल तंवर, एलडीएम विनोद बजाज सहित जिला भर के प्रगतिशील किसान एवं आवेदक किसान उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!