राजीव चौक का एस्केलेटर बंद, अंडरपास में बदबूदार पानी से राहगीर परेशान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

करोड़ों की परियोजना बदहाल, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल मरम्मत और सफाई की मांग की

गुरुग्राम, 23 जुलाई (अशोक)। शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख चौराहों में शामिल राजीव चौक पर पैदल राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। करोड़ों रुपये की लागत से बनाए गए फुटओवर ब्रिज का एस्केलेटर लंबे समय से बंद पड़ा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एस्केलेटर के कई हिस्से चोरी भी हो चुके हैं। वहीं अंडरपास में बदबूदार पानी भर जाने से पैदल आवाजाही मुश्किल हो गई है।

सामाजिक कार्यकर्ता राजेश पटेल ने कहा कि राजीव चौक पर चौबीसों घंटे भारी ट्रैफिक रहता है। पैदल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए यहां एस्केलेटर युक्त फुटओवर ब्रिज और अंडरपास का निर्माण कराया गया था, लेकिन रखरखाव के अभाव में दोनों सुविधाएं बदहाल हो चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि एस्केलेटर बंद होने से बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगों और मरीजों को फुटओवर ब्रिज पर चढ़ने-उतरने में काफी दिक्कत होती है। वहीं ब्रिज पर नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी फैली रहती है।

राजेश पटेल ने यह भी कहा कि अंडरपास में लंबे समय से गंदा और बदबूदार पानी जमा है, जिससे राहगीरों का वहां से गुजरना मुश्किल हो गया है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है।

उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा कि राजीव चौक के पास ही उपायुक्त कार्यालय, जिला न्यायालय, पुलिस आयुक्त कार्यालय सहित कई प्रमुख सरकारी विभाग स्थित हैं। इसके बावजूद इस महत्वपूर्ण सार्वजनिक सुविधा की ओर प्रशासन का ध्यान नहीं जा रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि एस्केलेटर की तत्काल मरम्मत कर उसे चालू कराया जाए, अंडरपास से गंदा पानी निकालकर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि राहगीरों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन मिल सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!