मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वरिष्ठ पत्रकार पवन कुमार बंसल की माता को दी श्रद्धांजलि

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बोले – “धन्य है ऐसी जननी, जिसने पवन बंसल जैसे निर्भीक पत्रकार को जन्म दिया”

गुरुग्राम, 1 जून। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार रात्रि लगभग आठ बजे वरिष्ठ पत्रकार पवन कुमार बंसल के गुरुग्राम स्थित निवास पर पहुंचे और उनकी माता स्वर्गीय श्रीमती कौशल्या देवी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। श्रीमती कौशल्या देवी का गत वीरवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि माता का बिछुड़ना जीवन का सबसे बड़ा दुख होता है। उन्होंने पवन कुमार बंसल और परिवारजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

मुख्यमंत्री ने भावुक स्वर में कहा, “धन्य है ऐसी जननी, जिसने पवन कुमार बंसल जैसे निर्भीक, निष्पक्ष और समाज के प्रति समर्पित पत्रकार को जन्म दिया।” उन्होंने कहा कि समाज में सच्ची और निर्भीक पत्रकारिता का विशेष महत्व है और पवन बंसल लंबे समय से जनसरोकारों के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं।

विशेष बात यह रही कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बिना किसी बड़े काफिले और औपचारिकता के अकेले ही पवन कुमार बंसल के निवास पर पहुंचे। उनके इस आत्मीय व्यवहार और संवेदनशीलता की उपस्थित लोगों ने सराहना की। मुख्यमंत्री ने परिवार के साथ कुछ समय बिताया और दिवंगत कौशल्या देवी के जीवन तथा उनके संघर्षों को भी याद किया।

उल्लेखनीय है कि करीब एक माह पूर्व भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं गुरुग्राम स्थित निवास पर पहुंचकर श्रीमती कौशल्या देवी के स्वास्थ्य की जानकारी लेने आए थे। उस समय भी उन्होंने परिवार के प्रति आत्मीयता और संवेदनशीलता का परिचय दिया था।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को सामाजिक संवेदनशीलता और मानवीय रिश्तों को महत्व देने वाले कदम के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक व्यस्तताओं के बीच व्यक्तिगत रूप से शोक व्यक्त करने पहुंचना उनकी संवेदनशील कार्यशैली को दर्शाता है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!