राव नरेन्द्र सिंह के आवास पर हमला हरियाणा में जंगलराज का प्रमाण : वेदप्रकाश विद्रोही

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सुरक्षित क्षेत्र में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के घर तक पहुंचे बदमाश, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

एनसीआरबी आंकड़ों का हवाला देकर विद्रोही ने भाजपा सरकार को घेरा

रेवाडी/नारनौल, 17 मई 2026। स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मंत्री राव नरेन्द्र सिंह के नारनौल स्थित आवास पर शुक्रवार-शनिवार रात बदमाशों द्वारा किए गए हमले के प्रयास की कठोर निंदा करते हुए इसे हरियाणा में बढ़ते जंगलराज का प्रमाण बताया है।

विद्रोही ने कहा कि जब प्रदेश के प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री के घर पर हमला करने से भी बदमाश नहीं डर रहे हैं, तो इससे सहज अनुमान लगाया जा सकता है कि अपराधियों में पुलिस का कितना भय बचा है। उन्होंने कहा कि नारनौल-महेन्द्रगढ़ रोड पर स्थित जिस घर में राव नरेन्द्र सिंह का परिवार पिछले लगभग 50 वर्षों से रह रहा है, उसी क्षेत्र में जिला महेन्द्रगढ़ उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के सरकारी आवास के साथ जिला लघु सचिवालय भी स्थित है। ऐसे अति सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में भी बदमाशों द्वारा रात में आवास में घुसकर हमला करने का प्रयास कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

वेदप्रकाश विद्रोही ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार में अपराधी स्वयं को मनचाहा अपराध करने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र महसूस कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि एनसीआरबी 2025 के आंकड़े भी दर्शाते हैं कि भाजपा शासन आने के बाद हरियाणा में अपराध और अपराधियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रदेश में अपहरण, चोरी, रंगदारी और गोलीबारी जैसी घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा पुलिस के अधिकारी मीडिया में केवल बयानबाजी करते दिखाई देते हैं। सरकार का “बदमाश या तो बदमाशी छोड़ दें या हरियाणा छोड़ दें” वाला दावा पूरी तरह विफल साबित हुआ है, क्योंकि अपराधी न तो अपराध छोड़ रहे हैं और न ही हरियाणा।

विद्रोही ने आरोप लगाया कि देशभर में होने वाले बड़े अपराधों में किसी न किसी रूप में हरियाणा कनेक्शन सामने आता है, जिससे स्पष्ट होता है कि प्रदेश अपराधियों की सुरक्षित शरणस्थली बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा तेजी से जंगलराज की ओर बढ़ रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेन्द्र सिंह और उनके परिवार को पूर्ण पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!